BREAKING:
April 27 2026 11:06 am

Punjab Weather Update: पंजाब में 'लू' का टॉर्चर जारी, 43 डिग्री के पार पहुंचा पारा; जानें कब मिलेगी इस भयंकर गर्मी से राहत

Post

Punjab Weather Forecast: पंजाब में इन दिनों मौसम के कड़े तेवर देखने को मिल रहे हैं। आसमान से बरसती आग और झुलसाने वाली लू (Heatwave) ने लोगों का घर से निकलना मुश्किल कर दिया है। रविवार को लगातार तीसरे दिन राज्य के ज्यादातर जिलों में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार बना रहा। हालांकि, इस चिलचिलाती गर्मी के बीच मौसम विभाग ने आने वाले दिनों के लिए धूल भरी आंधी और बारिश का अलर्ट जारी कर थोड़ी राहत की उम्मीद जगाई है।

बठिंडा में बारिश के बाद भी 43 डिग्री तक पहुंचा पारा

रविवार को पंजाब के अलग-अलग जिलों में गर्मी का भारी कहर देखने को मिला। बठिंडा में सुबह के वक्त 1.3 मिलीमीटर हल्की बारिश हुई थी, जिससे लोगों को लगा कि शायद गर्मी से राहत मिलेगी। लेकिन, बारिश के तुरंत बाद निकली तेज और चुभने वाली धूप ने उमस बढ़ा दी और देखते ही देखते दिन का अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया।

पंजाब के प्रमुख शहरों में रविवार को कितना रहा तापमान?

गर्मी का आलम यह है कि राज्य के लगभग सभी प्रमुख शहरों में पारा 40 डिग्री के पार या उसके करीब पहुंच चुका है। यहां देखें पंजाब के शहरों का ताजा तापमान:

शहरअधिकतम तापमान (°C)
बठिंडा43.0
फरीदकोट42.8
लुधियाना42.4
पटियाला42.4
रूपनगर41.4
चंडीगढ़40.8
एसबीएस नगर40.5
अमृतसर39.3
फिरोजपुर39.0
होशियारपुर38.0

(अन्य जिलों में तापमान औसतन 35 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।)

सोमवार के लिए मौसम विभाग का 'डबल' अलर्ट

अगर आप सोमवार को घर से बाहर निकलने की योजना बना रहे हैं, तो मौसम का मिजाज जरूर जान लें। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, सोमवार को पंजाब के कुछ जिलों में जहां भीषण लू (Heatwave) चलने की संभावना है, वहीं कुछ अन्य इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज रफ्तार से धूल भरी आंधी (Dust Storm) चल सकती है। ऐसे में दुपहिया वाहन चालकों और पैदल चलने वालों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

28 अप्रैल से पलटी मारेगा मौसम, शुरू होगा बारिश का दौर

लगातार गर्मी की मार झेल रहे पंजाबवासियों के लिए एक अच्छी खबर भी है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 28 से 30 अप्रैल तक राज्य में मौसम तेजी से बदलेगा। इस दौरान तेज धूल भरी हवाओं के साथ गरज-चमक और छींटे पड़ने (Rain) की पूरी संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी। हालांकि, 1 मई को आसमान पूरी तरह साफ रहेगा, लेकिन 2 मई को एक बार फिर मौसम करवट लेगा और आंधी के साथ बारिश होने के आसार बन रहे हैं।