Punjab Politics : भगवंत मान सरकार का बड़ा एक्शन 7 महीने से फरार ,AAP विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा ग्वालियर से गिरफ्तार
News India Live, Digital Desk : पंजाब की सियासत में पिछले दो दिनों से जारी उठापटक के बीच आम आदमी पार्टी (AAP) को एक और बड़ा झटका लगा है। सनौर (पटियाला) से 'आप' विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा, जो पिछले करीब सात महीनों से पुलिस को चकमा दे रहे थे, आखिरकार कानून के शिकंजे में आ गए हैं। पटियाला पुलिस की एक विशेष टीम ने उन्हें मंगलवार देर रात मध्य प्रदेश के ग्वालियर से गिरफ्तार किया। पठानमाजरा पर दुष्कर्म (Rape), धोखाधड़ी और आपराधिक धमकी देने जैसे गंभीर आरोप हैं और वे 'भगोड़ा' (Proclaimed Offender) घोषित किए जा चुके थे।
7 महीने बाद खत्म हुई 'लुका-छिपी', MP में दबिश देकर दबोचा एसएसपी पटियाला वरुण शर्मा ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि तकनीकी सर्विलांस और खुफिया इनपुट के आधार पर पुलिस की एक टीम पिछले कई दिनों से मध्य प्रदेश में डेरा डाले हुए थी। पठानमाजरा को ग्वालियर के बाहरी इलाके से उस वक्त पकड़ा गया जब वे छिपने के लिए नया ठिकाना तलाश रहे थे। उन्हें ट्रांजिट रिमांड पर पंजाब लाया जा रहा है, जहाँ उन्हें आज पटियाला की स्थानीय अदालत में पेश किया जाएगा। बता दें कि इससे पहले उनके ऑस्ट्रेलिया भागने की खबरें भी सामने आई थीं।
क्या है पूरा मामला? ज़ीरकपुर की महिला ने लगाए थे आरोप विवाद की शुरुआत 1 सितंबर 2025 को हुई थी, जब ज़ीरकपुर की एक महिला ने पटियाला के सिविल लाइंस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। महिला का आरोप है कि विधायक ने खुद को 'तलाकशुदा' बताकर उसे प्यार के जाल में फंसाया और 2021 में गुरुद्वारे में उससे शादी की, जबकि वे पहले से शादीशुदा थे। महिला ने पठानमाजरा पर यौन शोषण करने, अश्लील सामग्री भेजने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। इसी मामले में गिरफ्तारी के डर से विधायक पिछले साल 2 सितंबर को हरियाणा के करनाल में पुलिस हिरासत से फरार हो गए थे।
दो दिन में दूसरी गिरफ्तारी: लालजीत भुल्लर के बाद पठानमाजरा पर गिरी गाज पंजाब में आम आदमी पार्टी के लिए यह हफ्ता काफी भारी साबित हो रहा है। पठानमाजरा की गिरफ्तारी से ठीक दो दिन पहले पूर्व कैबिनेट मंत्री और पट्टी से 'आप' विधायक लालजीत सिंह भुल्लर को एक अधिकारी को आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में गिरफ्तार किया गया था। भगवंत मान सरकार के कार्यकाल में अब तक विजय सिंगला, अमित रतन कोटफट्टा और रमन अरोड़ा समेत 6 विधायकों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
"कानून सबके लिए बराबर" – मुख्यमंत्री कार्यालय का संदेश पठानमाजरा की गिरफ्तारी के बाद सरकार के प्रवक्ता और 'आप' महासचिव बलतेज पन्नू ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि चाहे कोई मंत्री हो या संतरी, कानून का उल्लंघन करने वाले को बख्शा नहीं जाएगा। विपक्ष (कांग्रेस और अकाली दल) ने इस मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए कहा है कि 'आप' के विधायक लगातार आपराधिक गतिविधियों में लिप्त पाए जा रहे हैं, जो पार्टी के 'ईमानदार राजनीति' के दावों की पोल खोलता है।