भाजपा की नीतियों और कार्यशैली पर जनता को पूर्ण भरोसा : बीएल वर्मा

फिरोजाबाद, 19 अप्रैल (हि.स.)। केंद्रीय राज्य मंत्री बीएल वर्मा ने शुक्रवार को फिरोजाबाद में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राजनीति की परिभाषा और राजनीति की संस्कृति बदल दी है। देश के प्रत्येक गांव में मोदी की गांरटी वाली गाड़ी पहुंची है। भाजपा की नीतियों और कार्यशैली पर जनता को पूर्ण भरोसा है। इसी वजह से तीसरी बार ‘विजय रथ’ जीत की ओर अग्रसर है।

केंद्रीय राज्य मंत्री बीएल वर्मा शुक्रवार को फिरोजाबाद लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार ठा. विश्वदीप सिंह का नामांकन कराने पहुंचे थे। नामांकन से पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री ने नामांकन सभा में बोलते हुए कहा कि हम देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प को लेकर आगे बढ़ रहे हैं। 10 वर्ष पहले राजनीति परिवारवाद, भ्रष्टाचार और उदासीनता से भरी हुई थी लेकिन 10 वर्ष के अंदर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राजनीति की परिभाषा और राजनीति की संस्कृति बदल दी है। देश के प्रत्येक गांव में मोदी की गांरटी वाली गाड़ी पहुंची है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की नीतियों और कार्यशैली पर जनता को पूर्ण भरोसा है, जिसकी वजह से तीसरी बार ‘विजय रथ’ जीत की ओर अग्रसर है और 400 पार के लक्ष्य को पूरा करेगा। उन्होंने कहा कि लोकसभा क्षेत्र फिरोजाबाद की जनता उत्साहित व उर्जांवित होकर भाजपा उम्मीदवार विश्व दीप सिंह व भाजपा की प्रचंड व ऐतिहासिक जीत के लिए हुँकार भरेगी।

उत्तर प्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने संबोधित करते हुए कहा कि मोदी सरकार ने बीते एक दशक में देश के गरीब, पिछड़े, दलित, जरूरतमंदों को जो हक अदा किया है, वो ऐतिहासिक, अविस्मरणीय, अकल्पनीय है। लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर जारी भाजपा का संकल्प पत्र सभी वर्गों के विकास एवं विकसित भारत का आधार है। उन्होंने कहा कि नामांकन सभा में उमड़े जनसैलाब व जनता के मिले आशीर्वाद, उत्साह और जुनून से स्पष्ट है। फिरोजाबाद लोकसभा सीट पर प्रचंड बहुमत से कमल खिलने वाला है।

लोकसभा उम्मीदवार ठा. विश्वदीप सिंह ने देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित राष्ट्र के संकल्प हेतु जनता जनार्दन का आशीर्वाद मांगा।

नामांकन सभा को विधायक मनीष असीजा, प्रेम पाल सिंह घनगर, महापौर कामिनी राठौर, पूर्व विधायक हरिओम यादव, पूर्व विधायक रामगोपाल उर्फ पप्पू लोधी, पूर्व विधायक ओम प्रकाश वर्मा, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विजय प्रताप सिंह छोटू, जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह ने भी सम्बोधित किया।