मानसून का महा-अलर्ट: मुंबई में बादलों का भयंकर प्रहार, दिल्ली-उत्तराखंड समेत कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी
देशभर में दक्षिण-पश्चिम मानसून की रफ्तार अब बेहद आक्रामक हो चुकी है। दिल्ली-एनसीआर से लेकर मुंबई तक बादलों ने डेरा डाल रखा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मौसम का ताजा हाल जारी करते हुए मुंबई, ठाणे और पालघर में भारी से अत्यंत भारी बारिश का अंदेशा जताते हुए रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं, उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में आज हल्की से मध्यम बारिश के साथ 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की उम्मीद है। मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो आने वाले कुछ दिनों में मानसून की यह रफ्तार देश के कई हिस्सों में और ज्यादा तबाही मचा सकती है।
मायानगरी मुंबई में आसमानी आफत, फायर ब्रिगेड ने संभाला मोर्चा
मुंबई और उसके आस-पास के इलाकों जैसे वसई-विरार में पिछले 4-5 दिनों से जारी मूसलाधार बारिश ने जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। फायर अधिकारी विशाल शिरके के मुताबिक, शनिवार देर रात से ही रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर जलभराव में फंसे 14-15 लोगों को सुरक्षित निकाला गया है। कई जगहों पर पेड़ गिरने और घरों में पानी घुसने की खबरें हैं। प्रशासन ने मुंबईकरों को बिना किसी जरूरी काम के घरों से बाहर न निकलने की सख्त हिदायत दी है।
चारधाम और अमरनाथ यात्रा पर मौसम की मार, भूस्खलन का खतरा
पहाड़ी राज्यों में मानसून आफत बनकर बरस रहा है। हिमाचल प्रदेश में आज के लिए येलो अलर्ट जारी है, जबकि 6 और 7 जुलाई को भारी बारिश और फ्लैश फ्लड की चेतावनी के साथ ऑरेंज अलर्ट रहेगा। उत्तराखंड में बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री की चारधाम यात्रा रूट पर लगातार हो रही बारिश की वजह से लैंडस्लाइड और सड़कें बंद होने की आशंका है। उधर, जम्मू-कश्मीर में अमरनाथ यात्रा मार्ग पर भी फिसलन बढ़ने की चेतावनी दी गई है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से ग्रिप वाले जूते और रेनकोट साथ रखने की अपील की है।
दिल्ली-एनसीआर में बादलों की आवाजाही, उमस से मिलेगी राहत
देश की राजधानी दिल्ली और एनसीआर के इलाकों में आज आमतौर पर बादल छाए रहेंगे। दिनभर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बौछारें पड़ने की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज होगी। मौसम विभाग के अनुसार, आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है, जिससे दिल्लीवालों को भीषण उमस से बड़ी राहत मिलेगी।