Flipkart Delivery Agent Arrested Bengaluru:घर में घुसकर महिला को दिखाए प्राइवेट पार्ट्स, पुलिस ने दबोचा
Flipkart Delivery Agent Arrested Bengaluru: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से महिला सुरक्षा को तार-तार करने वाला एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां ई-कॉमर्स दिग्गज फ्लिपकार्ट (Flipkart) के एक डिलीवरी एजेंट को एक महिला ग्राहक के साथ उसके ही घर में घुसकर अश्लील हरकत करने और यौन उत्पीड़न के आरोप में गिरफ्तार किया गया है.
आरोपी की पहचान विजय मल्लिकार्जुन कामत के रूप में हुई है. पीड़ित महिला ने इस पूरी खौफनाक आपबीती को सोशल मीडिया पर शेयर किया था, जिसके बाद बेंगलुरु पुलिस ने त्वरित संज्ञान लेते हुए आरोपी को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है. इस घटना के बाद फ्लिपकार्ट ने भी कड़ा रुख अपनाते हुए आरोपी को नौकरी से टर्मिनेट कर दिया है.
मना करने के बावजूद जबरन घर में घुसा आरोपी
पीड़ित महिला द्वारा सोशल मीडिया पर साझा की गई पोस्ट के अनुसार, यह घटना उस वक्त हुई जब आरोपी डिलीवरी एजेंट उनके फ्लैट पर एक पार्सल डिलीवर करने आया था. पार्सल सौंपने के बाद उसने महिला से वॉशरूम (टॉयलेट) इस्तेमाल करने की इजाजत मांगी.
महिला ने सुरक्षा कारणों से एक अजनबी को घर के अंदर आने देने से साफ मना कर दिया. महिला ने अपनी पोस्ट में लिखा, "मैंने उसे साफ कहा कि मैं किसी अजनबी को अपने फ्लैट के अंदर आने की अनुमति नहीं देती. मैंने उसे यह भी सुझाव दिया कि अगर बहुत इमरजेंसी है, तो वह पास में रहने वाले किसी पुरुष पड़ोसी से मदद मांग सकता है." लेकिन बार-बार मना करने के बावजूद आरोपी ने जबरन अपनी चप्पलें उतारीं और महिला को धक्का देते हुए घर के अंदर दाखिल हो गया.
वॉशरूम से बाहर आते ही की अश्लील हरकत
महिला का आरोप है कि आरोपी जबरदस्ती वॉशरूम के अंदर चला गया. असली हैवानियत तब सामने आई जब वह वॉशरूम से बाहर निकला. बाहर आते ही उसने महिला के सामने अश्लील हरकतें करना शुरू कर दिया और जबरन अपने निजी अंग (प्राइवेट पार्ट्स) दिखाने लगा.
पीड़िता का दर्द: "उस वक्त मैं अंदर से बेहद घबरा गई थी. मुझे बेहद अपमानित और असुरक्षित महसूस हो रहा था. एक महिला के 'नहीं' कहने के बाद बात वहीं खत्म हो जानी चाहिए थी. किसी भी व्यक्ति को किसी महिला की मर्जी के खिलाफ उसके घर में घुसने या उसकी प्राइवेसी का उल्लंघन करने का कोई हक नहीं है."
बेंगलुरु पुलिस का क्विक एक्शन; BNS की इन धाराओं में केस दर्ज
महिला की सोशल मीडिया पोस्ट जैसे ही इंटरनेट पर वायरल हुई, बेंगलुरु पुलिस की साइबर और लोकल टीम ने तुरंत मामले का संज्ञान लिया. पुलिस ने पीड़िता से संपर्क कर उनका बयान दर्ज किया और आरोपी के खिलाफ सख्त धाराओं में एफआईआर (FIR) दर्ज कर उसे चंद घंटों में गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस ने आरोपी विजय मल्लिकार्जुन कामत के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 75, 79 और 329(2) के तहत यौन उत्पीड़न, महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने और जबरन घर में घुसने का मुकदमा दर्ज किया है. फिलहाल आरोपी पुलिस कस्टडी में है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
फ्लिपकार्ट ने जारी किया बयान: आरोपी को नौकरी से निकाला
इस शर्मनाक घटना पर चौतरफा घिरने के बाद फ्लिपकार्ट ने आधिकारिक बयान जारी कर पीड़ित महिला से माफी मांगी है और जांच में पूरा सहयोग देने का वादा किया है.
कंपनी के प्रवक्ता ने कहा, "इस घटना से हमें गहरा दुख पहुंचा है. हमारे लिए ग्राहकों, विशेषकर महिलाओं की सुरक्षा सबसे सर्वोपरि है. जैसे ही यह मामला हमारे संज्ञान में आया, हमने बिना कोई देरी किए संबंधित डिलीवरी एजेंट को तुरंत नौकरी से बर्खास्त कर दिया है. पुलिस में एफआईआर दर्ज हो चुकी है और हमारी टीम जांच एजेंसी को हर जरूरी डेटा और सहयोग दे रही है."
कंपनी ने आगे सफाई देते हुए कहा कि वे हर डिलीवरी बॉय को ऑनबोर्ड करने से पहले उसका पुलिस बैकग्राउंड वेरिफिकेशन (Background Verification) और बिहेवियरल ट्रेनिंग जरूर करवाते हैं. हालांकि ऐसी घटनाएं बेहद दुर्लभ हैं, लेकिन सुरक्षा मानकों को और कड़ा करने के लिए कंपनी अपने पूरे डिलीवरी कूरियर सिस्टम की आंतरिक समीक्षा कर रही है.