MP Crime: हैवान पति की घिनौनी करतूत! दहेज नहीं मिला तो पत्नी का 'प्राइवेट वीडियो' किया वायरल, मुंबई से लौटकर कट्टा लेकर धमकाने पहुंचा ससुराल
रीवा। मध्य प्रदेश के रीवा जिले से रिश्तों को तार-तार और इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। सात जन्मों तक साथ निभाने का वादा करने वाले पति ने चंद रुपयों की खातिर अपनी ही पत्नी की आबरू को सोशल मीडिया पर नीलाम कर दिया। दहेज के लोभी पति ने सुहागरात और निजी पलों का वीडियो बनाकर उसे न सिर्फ इंटरनेट पर वायरल कर दिया, बल्कि रिश्तेदारों को भी भेज दिया। पुलिस ने इस कलयुगी पति को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है, लेकिन इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।
3 लाख के लिए बेचा ईमान, पत्नी को किया ब्लैकमेल
नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) राजीव पाठक ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पीड़िता की शादी 10 मई 2025 को शिवम साहू नामक युवक से हुई थी। शादी के मंडप से ही दहेज का दानव इस रिश्ते के पीछे पड़ गया था। ससुराल वालों ने 3 लाख रुपये नकद की मांग की थी। लड़की के परिवार ने जैसे-तैसे 2 लाख रुपये चुका दिए, लेकिन आरोपी पति बाकी के 1 लाख रुपये के लिए नवविवाहिता को प्रताड़ित करने लगा। जब पैसे नहीं मिले, तो उसने वह कदम उठाया जिसकी कल्पना भी किसी ने नहीं की थी।
अश्लील वीडियो देखने का था आदी
पुलिस जांच में एक और चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। आरोपी शिवम साहू को इंटरनेट पर आपत्तिजनक और अश्लील सामग्री देखने की लत थी। इसी मानसिक विकृति के चलते उसने दिसंबर 2025 में अपनी पत्नी का प्राइवेट वीडियो रिकॉर्ड किया। जब पत्नी ने दहेज के लिए मना किया, तो आरोपी ने उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया और धमकी दी कि वह उसे समाज में मुंह दिखाने लायक नहीं छोड़ेगा। अपनी धमकी को सच करते हुए उसने वीडियो सोशल मीडिया और रिश्तेदारों के व्हाट्सएप ग्रुप में वायरल कर दिया।
मुंबई से कट्टा लेकर धमकाने पहुंचा, पुलिस ने दबोचा
वीडियो वायरल करने के बाद आरोपी पुलिस के डर से मुंबई भाग गया और वहां छिपा रहा। लेकिन उसका मन नहीं भरा। 12 फरवरी को वह मुंबई से वापस आया और सीधे मऊगंज स्थित अपने ससुराल जा पहुंचा। चश्मदीदों के मुताबिक, वह अपने साथ अवैध हथियार (कट्टा) लेकर गया था और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहा था। डरे-सहमे परिवार ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी की और आरोपी को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया।
दहेज एक्ट और IT एक्ट में मुकदमा दर्ज
पुलिस ने आरोपी शिवम साहू के खिलाफ दहेज प्रतिषेध अधिनियम, भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और आईटी एक्ट के तहत गंभीर मामला दर्ज किया है। सीएसपी ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत (Judicial Custody) में जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि उसने यह वीडियो और किन-किन प्लेटफॉर्म पर शेयर किया है, ताकि उसे वहां से हटवाया जा सके। पीड़िता को सुरक्षा मुहैया कराई जा रही है।