झारखंड के पहले ऊर्जा मंत्री लालचंद महतो के निधन पर नेताओं, समर्थकों ने जताया शोक

बोकारो, 5 अप्रैल (हि.स.)। झारखंड के पहले ऊर्जा मंत्री, डुमरी के तीन बार विधायक और जदयू नेता रहे लालचंद महतो का निधन पर कई नेताओं ने शोक जताया है। जदयू के प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद खीरू महतो ने उनके पैतृक निवास बेदकारो (बेरमो) पहुंचकर उनके पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

मौके पर जदयू नेत्री सह पूर्व मंत्री सुधा चौधरी, जदयू के प्रदेश महासचिव श्रवण कुमार, प्रदेश प्रवक्ता सागर कुमार, धनबाद जिला अध्यक्ष पिंटू सिंह, गिरडीह जिला अध्यक्ष त्रिभुवन दयाल, बोकारो जिला अध्यक्ष प्रदीप महतो, धनलाल दुबे एवं अन्य ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की।

लालचंद महतो के निधन पर सांसद खीरू महतो ने कहा कि वह विस्थापित, किसान, मजदूर एवं पिछड़ों के नेता होने के साथ प्रखर समाजवादी थे। उनके साथ एक ही पार्टी में लम्बे समय तक कार्य किया। उनका जाना झारखंड की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है। इसके अलावा राजद सहित दूसरे दलों के नेताओं तथा समर्थकों ने भी लालचंद महतो के निधन पर शोक व्यक्त किया है।