केशव प्रसाद मौर्य-प्रधानमंत्री ग्रामीण सडक निर्माण लक्ष्य को समय और पारदर्शिता पूर्वक पूर्ण करें, लापरवाह ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करें, UPSIRD माहवार रोस्टर बनाएं, प्रशिक्षण केन्द्र मूलभूत सुविधायुक्त हो
दीनदयाल उपाध्याय राज्य ग्रामीण विकास संस्थान के निदेशक को निर्देश देते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रशिक्षण गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाया जाए तथा प्रतिमाह एक लाख प्रशिक्षुओं को प्रशिक्षण देने का लक्ष्य हर हाल में प्राप्त किया जाए। इसके लिए माहवार रोस्टर तैयार किया जाए और प्रशिक्षण कार्यक्रमों की नियमित समीक्षा की जाए। उन्होंने प्रशिक्षण केन्द्रों में स्वच्छ कक्ष, साफ-सुथरे हॉस्टल, पर्याप्त प्रकाश, शुद्ध हवा तथा आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों की शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
मुख्य कार्यपालक अधिकारी, ग्रामीण सड़क विकास अभिकरण को निर्देश देते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत सरकार द्वारा प्राप्त लक्ष्यों को समयबद्ध एवं पूर्ण पारदर्शिता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने ऐसे ठेकेदारों को चिन्हित करने के निर्देश दिए जो कार्यों को अनावश्यक रूप से लंबित रखते हैं अथवा निर्धारित गुणवत्ता मानकों के विपरीत निर्माण कार्य करते हैं। ऐसे ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर एवं सुरक्षित सड़क संपर्क प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। इसलिए गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध सड़क निर्माण कार्य सुनिश्चित करते हुए ग्रामीण जनता को सुगम एवं सुरक्षित आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में ग्राम्य विकास की योजनाओं को पारदर्शिता, तकनीक, जवाबदेही और सुशासन के साथ लागू किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी योजनाओं के क्रियान्वयन में संवेदनशीलता, गुणवत्ता और समयबद्धता सर्वोच्च प्राथमिकता रहे, ताकि प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों का समग्र एवं समावेशी विकास सुनिश्चित किया जा सके।