जेठ ने छोटे भाई की पत्नी की हत्या कर कढ़ाई में पकाने लगा मांस, आरोपी गिरफ्तार
झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के कुचाई प्रखंड स्थित दलभंगा ओपी क्षेत्र के जोम्बरो (गांडकीदा टोला) गांव से एक रूह कंपा देने वाला और अमानवीय मामला सामने आया है। यहां रिश्तों को तार-तार करते हुए एक शख्स ने अपने ही छोटे भाई की पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात के बाद दरिंदगी की तमाम हदें पार करते हुए आरोपी महिला के शव से मांस के टुकड़े काटकर घर के पीछे कढ़ाई में भूनकर खाने की तैयारी करने लगा। इस वीभत्स दृश्य को देखकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। स्थानीय लोगों ने आरोपी को रंगे हाथों दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया।
मेले से लौटने के बाद वारदात को अंजाम, नाले के पास मिला क्षत-विक्षत शव
मिली जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान 47 वर्षीया विश्वासी सोय के रूप में हुई है, जबकि आरोपी की पहचान उसके 54 वर्षीय जेठ पैलुश मुंडा (पौलुश मुंडा) के रूप में की गई है। मंगलवार को गांव के पास मेला और हॉकी टूर्नामेंट का आयोजन हुआ था, जहां महिला हंडिया (पारंपरिक पेय) बेचने गई थी। शाम को लौटते समय वह अपने जेठ पैलुश मुंडा के घर रुक गई, जहां आरोपी और गांव के अन्य लोगों ने शराब पी। देर रात जब बाकी लोग चले गए, तब आरोपी ने महिला को अकेला पाकर हैवानियत की और साक्ष्य मिटाने की नीयत से धारदार हथियार से उसकी हत्या कर दी।
कढ़ाई में मांस भूनते देखा तो सन्न रह गए ग्रामीण, आरोपी को दबोचकर किया पुलिस के हवाले
हत्या के बाद आरोपी ने शव को गांव के नाले के पास फेंक दिया और शरीर के विभिन्न अंगों (जांघ, कलेजी आदि) से मांस काटकर कढ़ाई में भूनने लगा। देर रात तक जब विश्वासी सोय अपने घर नहीं पहुंची, तो उसके पति निर्मल सोय और ग्रामीण उसकी तलाश में निकले। नाले के पास क्षत-विक्षत शव देखकर हड़कंप मच गया। जब ग्रामीण आरोपी के घर के पीछे पहुंचे, तो वहां का खौफनाक मंजर देखकर हर कोई दंग रह गया। गुस्साए ग्रामीणों ने तत्काल घेराबंदी करके आरोपी पैलुश मुंडा को दबोच लिया और रातभर रस्सी से बांधकर रखा। सुबह सूचना मिलते ही दलभंगा ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को न्यायिक हिरासत में लेकर जेल भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की विस्तृत छानबीन कर रही है।