जगदीप धनखड़ को एक नहीं बल्कि तीन जगहों से मिलेगी पेंशन, जानें हर महीने खाते में आएंगे कितने पैसे
नई दिल्ली: पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने हाल ही में राजस्थान विधानसभा में पूर्व विधायक के तौर पर पेंशन के लिए आवेदन किया है। इसके साथ ही, वह पूर्व सांसद और पूर्व उपराष्ट्रपति के तौर पर भी पेंशन के हकदार हैं। यानी जगदीप धनखड़ को तीन अलग-अलग पेंशन मिलेंगी। आइए जानते हैं कि उन्हें हर महीने कितना पैसा मिलेगा।
धनखड़ ने उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा दिया था
जगदीप धनखड़ 1989 से 1991 तक झुंझुनू से जनता दल के सांसद रहे। उसके बाद, वह 1993 से 1998 तक राजस्थान के किशनगढ़ से कांग्रेस के विधायक रहे। वह 2019 से 2022 तक पश्चिम बंगाल के राज्यपाल रहे और 2022 से 2025 तक भारत के उपराष्ट्रपति के रूप में कार्यरत रहे। 21 जुलाई 2025 को उन्होंने स्वास्थ्य कारणों से उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा दे दिया। आपको बता दें कि राजस्थान में डबल और ट्रिपल पेंशन की व्यवस्था है, यानी अगर कोई नेता सांसद और विधायक दोनों रह चुका है, तो वह दोनों पदों के लिए पेंशन पाने का हकदार है।
जगदीप धनखड़ को तीन
अलग-अलग पदों के लिए पेंशन मिलेगी। राजस्थान में पूर्व विधायकों को 35,000 रुपये मासिक पेंशन मिलती है। लेकिन 70 साल से अधिक उम्र के विधायकों को 20 प्रतिशत अतिरिक्त पेंशन दी जाती है। धनखड़ 74 साल के हैं, इसलिए उन्हें 35,000 रुपये की बजाय 42,000 रुपये प्रति माह पेंशन मिलेगी। पूर्व सांसद होने के नाते उन्हें 45,000 रुपये प्रति माह पेंशन मिलेगी। इसलिए उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा देने के बाद धनखड़ को इस पद के लिए लगभग 2 लाख रुपये मासिक पेंशन मिलेगी। इस तरह उन्हें कुल 2,87,000 रुपये प्रति माह पेंशन के रूप में मिलेंगे। इसके अलावा उन्हें अन्य सुविधाएं भी मिलेंगी।
धनखड़ क्यों चर्चा में हैं?
पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने स्वास्थ्य कारणों से 21 जुलाई को उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा दे दिया था। उपराष्ट्रपति पद छोड़ने के बाद उन्होंने कोई सार्वजनिक बयान नहीं दिया, जिस पर विपक्ष ने सवाल उठाए थे। लेकिन पेंशन के लिए आवेदन करने के बाद वे फिर से चर्चा में आ गए। राजस्थान विधानसभा सचिवालय ने उनका आवेदन स्वीकार कर लिया है और जल्द ही पेंशन शुरू होने की उम्मीद है।