BREAKING:
March 24 2026 02:40 pm

IPL 2026: 28 मार्च से शुरू होगा महाकुंभ! BCCI ने लागू किए 'कठोर' नियम, अब खिलाड़ियों के परिवार और प्रैक्टिस पर लगा बड़ा पहरा

Post

नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 19वें सीजन का बिगुल बजने ही वाला है, लेकिन इस बार मैदान पर चौके-छक्कों की बरसात से पहले भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने अपनी सख्ती से हलचल मचा दी है। 28 मार्च से शुरू हो रहे आईपीएल 2026 के लिए बोर्ड ने एक नया 'फरमान' जारी किया है, जिसने खिलाड़ियों के अनुशासन और उनके परिवार के साथ बिताए जाने वाले समय को लेकर नियमों को पूरी तरह बदल दिया है। क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार, ये गाइडलाइंस सभी टीम मैनेजरों को भेज दी गई हैं, जिनका उल्लंघन करने पर भारी खामियाजा भुगतना पड़ सकता है।

फैमिली और फ्रेंड्स पर पाबंदी: अब ड्रेसिंग रूम में 'नो एंट्री'

BCCI ने इस बार खिलाड़ियों के परिवार और दोस्तों को लेकर सबसे कड़ा फैसला लिया है। नए नियमों के मुताबिक, ट्रेनिंग सेशन के दौरान परिवार का कोई भी सदस्य या दोस्त ड्रेसिंग रूम और मुख्य मैदान के अंदर नहीं जा सकेगा। खिलाड़ियों के करीबियों को केवल 'तय हॉस्पिटैलिटी एरिया' (Hospitality Area) में ही रहने की अनुमति होगी। यह नियम अंतरराष्ट्रीय दौरों की तर्ज पर बनाया गया है ताकि खिलाड़ी पूरी तरह खेल पर ध्यान केंद्रित कर सकें।

मैच वाले दिन प्रैक्टिस सेशन पूरी तरह बंद

पिच की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए BCCI ने एक ऐतिहासिक बदलाव किया है। अब जिस दिन मैच होगा, उस दिन किसी भी प्रकार का प्रैक्टिस सेशन आयोजित नहीं किया जाएगा। टीमों को अपनी पूरी तैयारी मैच से पहले निर्धारित समय में ही खत्म करनी होगी। यह फैसला विशेष रूप से पिच को खराब होने से बचाने और पूरे शेड्यूल को बिना किसी देरी के चलाने के लिए लिया गया है।

वीआईपी कल्चर पर लगाम: टीम बस से ही जाना होगा मैदान

अक्सर देखा जाता था कि स्टार खिलाड़ी अपने शहर में मैच होने पर निजी लग्जरी गाड़ियों से मैदान पहुँचते थे, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। BCCI ने सख्त निर्देश दिए हैं कि सभी खिलाड़ियों को प्रैक्टिस और मैच के लिए केवल 'टीम बस' का ही इस्तेमाल करना होगा। सुरक्षा कारणों और अनुशासन बनाए रखने के लिए निजी वाहनों के उपयोग पर लगभग रोक लगा दी गई है।

वानखेड़े और अन्य मैदानों के लिए विशेष 'प्रैक्टिस प्लान'

मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम जैसे प्रमुख मैदानों के लिए बोर्ड ने अलग व्यवस्था की है:

नेट सुविधा: हर टीम को अभ्यास के लिए केवल दो नेट दिए जाएंगे।

रेंज हिटिंग: छक्के लगाने की प्रैक्टिस के लिए एक साइड विकेट अलग से मिलेगा।

पिच की सुरक्षा: विरोधी टीम का प्रैक्टिस एरिया खाली होने पर भी दूसरी टीम उसका इस्तेमाल नहीं कर सकेगी। साथ ही, 'ओपन नेट' और मुख्य पिच पर फिटनेस एक्सरसाइज करने पर भी पूरी तरह पाबंदी रहेगी।

अनुसाशन और निष्पक्षता पर जोर

BCCI का यह कदम आईपीएल को और अधिक पेशेवर बनाने की दिशा में देखा जा रहा है। नियमों में स्पष्ट किया गया है कि किसी भी टीम को दूसरी टीम के खाली किए गए विकेट पर अभ्यास करने की इजाजत नहीं होगी। बोर्ड यह सुनिश्चित करना चाहता है कि सभी 10 टीमों को अभ्यास के समान अवसर मिलें और किसी भी टीम को अनुचित लाभ न हो।