Indore MBA Student Murder: इंदौर में हैवानियत की हदें पार! हत्या के बाद छात्रा के शव के साथ किया दुष्कर्म, फिर पास बैठकर पी बीयर; कातिल बॉयफ्रेंड का रोंगटे खड़े करने वाला खुलासा
इंदौर। मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के द्वारकापुरी इलाके में हुई 24 साल की MBA छात्रा की हत्या ने पूरे देश को दहला दिया है। पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपी बॉयफ्रेंड पीयूष धनोटिया ने पूछताछ में जो सनसनीखेज खुलासे किए हैं, वे किसी भी स्वस्थ मस्तिष्क वाले इंसान की सोच से परे हैं। कातिल ने न केवल अपनी प्रेमिका का गला घोंटा, बल्कि मौत के बाद शव के साथ ऐसी घिनौनी हरकत की जिसे सुनकर पुलिस अधिकारियों के भी पसीने छूट गए।
गला घोंटकर हत्या, फिर शव के पास मनाई 'शराब पार्टी'
DCP कृष्णा लालचंदानी के अनुसार, आरोपी पीयूष और छात्रा के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे, लेकिन पीयूष को शक था कि वह किसी और से बात करती है। इसी सनक में 10 फरवरी को उसने छात्रा को अपने किराए के कमरे पर बुलाया। विवाद बढ़ा तो आरोपी ने पहले उसके हाथ-पैर बांधे, मुंह में कपड़ा ठूंसा और बेरहमी से गला घोंटकर उसे मौत की नींद सुला दिया। हैवानियत यहीं नहीं रुकी; मौत की पुष्टि करने के बाद आरोपी बाहर गया, बीयर खरीदी और वापस आकर लाश के बगल में बैठकर शराब पीता रहा। इसके बाद उसने मृतका के शव के साथ दुष्कर्म जैसी घिनौनी वारदात को अंजाम दिया और जाते-जाते उसके सीने में चाकू घोंपकर फरार हो गया।
आत्मा को बुलाने का तंत्र-मंत्र और पनवेल के जंगलों में ड्रामा
हत्या के बाद आरोपी पीयूष मुंबई भाग गया था। पुलिस के मुताबिक, उसका व्यवहार पूरी तरह विक्षिप्तों जैसा था। वह पनवेल के सुनसान इलाकों में जाकर अगरबत्ती जलाता और इंटरनेट पर 'आत्माओं को बुलाने' के तरीके खोजता था। वह मृतका की आत्मा से माफी मांगना चाहता था और दावा करता था कि वह उससे बात कर रहा है। 14 फरवरी को जब इंदौर पुलिस ने उसे मुंबई के अंधेरी से दबोचा, तब भी वह लगातार छात्रा से मिलने की रट लगाए हुए था।
कागज पर लिखी माफी और सुसाइड की नाकाम कोशिश
द्वारकापुरी थाने में पूछताछ के दौरान आरोपी ने एक सादा कागज मांगा और उस पर अपनी गुनाह-ए-अजीम की कहानी लिखी। उसने लिखा, "मैने बहुत बड़ा अपराध किया है और अब मैं मरना चाहता हूं।" पुलिस जांच में सामने आया कि वह गूगल पर 'आत्महत्या के आसान तरीके' भी सर्च कर रहा था और उसने ट्रेन के आगे कूदने का ड्रामा भी किया, लेकिन कायरता की वजह से कदम नहीं उठा सका।
CCTV और मोबाइल मैसेज से खुला राज
छात्रा 10 फरवरी से लापता थी। आरोपी ने शातिर दिमाग लगाते हुए छात्रा के ही फोन से उसके परिजनों को मैसेज भेजा कि वह घर नहीं लौटेगी, ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके। हालांकि, CCTV फुटेज ने उसकी पोल खोल दी, जिसमें दोनों को कमरे में साथ जाते देखा गया था, लेकिन पीयूष वहां से अकेले बैग लेकर निकला था। 13 फरवरी को जब कमरे से बदबू आने लगी, तब पुलिस ने दरवाजा तोड़कर छात्रा का क्षत-विक्षत शव बरामद किया।
कानूनी कार्रवाई और पुलिस की तैयारी
पुलिस ने आरोपी पीयूष धनोटिया के खिलाफ हत्या, दुष्कर्म, साक्ष्य मिटाने और अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस मामले में फास्ट ट्रैक कोर्ट के जरिए आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की तैयारी कर रही है। फॉरेंसिक टीम ने कमरे से बीयर की बोतलें, चाकू और अन्य साक्ष्य जुटा लिए हैं, जो कोर्ट में आरोपी को फांसी के फंदे तक पहुंचाने में अहम साबित होंगे।