post-slider

खैबर पख्तूनख्वा में यात्री वैन को बनाया निशाना, रेस्क्यू टीम पर भी हमला, 7 लोगों की दर्दनाक मौत

पाकिस्तान का बेहद अशांत और हिंसाग्रस्त इलाका खैबर पख्तूनख्वा प्रांत एक बार फिर भीषण बम धमाकों से दहल उठा है। प्रांत के बन्नू जिले में शनिवार को सड़क किनारे एक के बाद एक हुए दो सिलसिलेवार आईईडी (IED) बम धमाकों में कम से कम सात लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। स्थानीय पुलिस अधिकारियों ने इस खौफनाक आतंकी वारदात की आधिकारिक पुष्टि कर दी है। हालांकि, अभी तक किसी भी सक्रिय आतंकी संगठन या प्रतिबंधित समूह ने इस कायरतापूर्ण आत्मघाती कृत्य की जिम्मेदारी नहीं ली है। घटना के तुरंत बाद भारी संख्या में पहुंचे सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।

बैक-टू-बैक दो ब्लास्ट: पहले यात्री वैन को उड़ाया, फिर मदद के लिए आए लोगों पर किया हमला

पुलिस से मिली शुरुआती जानकारी के अनुसार, आतंकियों ने इस हमले को बेहद सोची-समझी साजिश के तहत अंजाम दिया। पहला रिमोट-कंट्रोल आईईडी विस्फोट बन्नू जिले के मार्का बेरा इलाके में एक आम यात्री वैन को निशाना बनाकर किया गया। यह धमाका इतना जोरदार था कि वैन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार पांच निर्दोष लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

इस घटना के तुरंत बाद जब आस-पास के लोग और राहत व बचाव कार्य (Rescure Team) से जुड़े कर्मी घायलों की मदद के लिए दुर्घटनास्थल पर पहुंचे, तो आतंकियों ने उन्हें निशाना बनाते हुए ठीक उसी जगह पर दूसरा बम धमाका कर दिया। इस दूसरे कायरतापूर्ण ब्लास्ट में दो और लोगों ने अपनी जान गंवा दी और बचाव कार्य में लगी एक गाड़ी भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

हाथी खेल गांव से बन्नू शहर जा रही थी वैन, अस्पताल में पसरा मातम

बन्नू के जिला पुलिस अधिकारी (DPO) यासिर अफरीदी ने मीडिया को बताया कि निशाना बनाई गई यात्री वैन हाथी खेल गांव से आम नागरिकों को लेकर बन्नू शहर की तरफ जा रही थी, तभी वह मुख्य सड़क पर लगाए गए इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस की चपेट में आ गई।

डीपीओ ने बताया कि सभी मृतकों के शवों और खून से लथपथ घायलों को तुरंत पास के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत नाजुक बनी हुई है। कानून प्रवर्तन एजेंसियों और फॉरेंसिक टीमों ने धमाके वाली जगह से बारूद के सैंपल और अन्य महत्वपूर्ण सबूत इकट्ठा करना शुरू कर दिया है ताकि आतंकियों के सुराग का पता लगाया जा सके।

मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी ने की कड़ी निंदा, पुलिस से मांगी विस्तृत रिपोर्ट

इस भीषण आतंकी हमले के बाद खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी ने घटना की तीव्र शब्दों में कड़ी निंदा की है। उन्होंने प्रांतीय पुलिस महानिदेशक और संबंधित पुलिस अधिकारियों को मामले की गहनता से जांच करने और इस पर एक विस्तृत विस्तृत रिपोर्ट जल्द से जल्द सौंपने का सख्त निर्देश दिया है।

मुख्यमंत्री ने इसे बेहद दुखद और दिल दहला देने वाली घटना बताते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने स्थानीय प्रशासन को निर्देश दिया कि घायलों को इलाज में कोई कमी न आए और भरोसा दिलाया कि प्रांतीय सरकार दुख की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों की हर संभव आर्थिक और चिकित्सीय मदद करेगी।

 

Tags:

Latest Posts