प्रयागराज सर्किट हाउस में जनता दर्शन कर उपमुख्यमंत्री ने सुनीं जनसमस्याएं, अधिकारियों को तत्काल समाधान के दिए निर्देश

प्रयागराज सर्किट हाउस में जनता दर्शन कर उपमुख्यमंत्री ने सुनीं जनसमस्याएं, अधिकारियों को तत्काल समाधान के दिए निर्देश

केशव प्रसाद मौर्य ने आज प्रयागराज में जनता दर्शन कार्यक्रम में अधिकारियों से कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। पात्र लाभार्थियों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध ढंग से उपलब्ध कराया जाए। पेंशन, छात्रवृत्ति, उपचार सहायता तथा अन्य सरकारी योजनाओं से संबंधित मामलों में पात्रता के अनुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की भाजपा सरकार आमजन की सरकार है। सरकार जनता की समस्याओं को सुनती भी है और उनके समाधान के लिए पूरी गंभीरता के साथ कार्य भी करती है। केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास और जनकल्याण का लाभ पहुंचाना है। गरीब, किसान, मजदूर, महिला, युवा, विद्यार्थी एवं बुजुर्ग सहित प्रत्येक वर्ग के हितों की चिंता सरकार कर रही है।

श्री मौर्य ने कहा कि जनता दर्शन केवल शिकायत सुनने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनता और सरकार के बीच सीधे संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम है। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों का दायित्व है कि वे जनता की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुनें और उनके समाधान के लिए प्रभावी कार्रवाई करें। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रयागराज मेरी कर्मभूमि है। यहां की जनता का स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद ही मेरी सबसे बड़ी ताकत है। प्रयागराज की जनता के आशीर्वाद से ही मैं आज इस स्थान पर हूं। यहां के लोगों की समस्याओं का समाधान करना और क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर कार्य करना मेरा दायित्व भी है और संकल्प भी। उन्होंने कहा कि प्रयागराज धार्मिक, सांस्कृतिक, ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण जनपद है। प्रयागराज के विकास और यहां की जनता की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए केंद्र एवं प्रदेश सरकार निरंतर कार्य कर रही है। विकास कार्यों के साथ-साथ जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान भी सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

Tags:

Latest Posts