'फूल्स गोल्ड' के चक्कर में न करें ये बड़ी भूल: जानें किन राशियों के लिए वरदान है पायराइट और क्यों पैर में पहनने से हो सकता है भारी नुकसान
आज के समय में खुद को आकर्षक दिखाने और लाइफ में पॉजिटिविटी लाने के लिए लोग रत्न और क्रिस्टल थेरेपी का खूब सहारा ले रहे हैं। ज्योतिष और रत्न शास्त्र में नौ ग्रहों के नौ मुख्य रत्नों के अलावा कई असरदार उप-रत्नों (Semi-Precious Stones) के बारे में बताया गया है, जो सीधे तौर पर हमारे जीवन को प्रभावित करते हैं। इन्हीं में से एक बेहद लोकप्रिय स्टोन है 'पायराइट' (Pyrite)।
इसे धन, समृद्धि और सोभाग्य को आकर्षित करने वाला एक अत्यंत प्रभावी रत्न माना जाता है। आजकल बाजार और ऑनलाइन स्टोर्स पर पायराइट की फैशनेबल ज्वेलरी जैसे ब्रेसलेट, अंगूठी, पेंडेंट और क्रिस्टल ट्री धड़ल्ले से बिक रहे हैं। चूंकि यह एक सेमी-प्रीशियस स्टोन है, इसलिए यह न तो बहुत ज्यादा महंगा है और न ही बहुत सस्ता, जिसके कारण इसे खरीदना हर आम और खास इंसान के लिए आसान है।
पायराइट के इस बढ़ते चलन के बीच आजकल लड़कियों में इसकी पायल (Anklet) पहनने का एक नया ट्रेंड शुरू हो गया है। कई युवतियां इसे धन, आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक मानकर पैरों में धारण कर रही हैं। लेकिन क्या बिना ज्योतिषीय सलाह के पैरों में पायराइट पहनना आपके लिए सही है? आइए जानते हैं इसके पीछे का धार्मिक और वैज्ञानिक सच।
'फूल्स गोल्ड' (Fool's Gold) के चक्कर में कहीं आप न बन जाएं फूल!
दिखने में पायराइट बिल्कुल असली सोने की तरह पीला और अत्यधिक चमकीला होता है, जिसके कारण प्राचीन काल से ही इसे 'फूल्स गोल्ड' यानी 'मूर्खों का सोना' कहा जाता है। रत्न शास्त्र और ज्योतिषीय गणना के अनुसार, इस स्टोन के भीतर सूर्य और मंगल ग्रह की प्रचंड ऊर्जा समाहित होती है। सूर्य जहां आत्मा, मान-सम्मान और आत्मविश्वास के कारक हैं, वहीं मंगल साहस और ऊर्जा के प्रतीक हैं।
चूंकि इसमें दो उग्र ग्रहों की ऊर्जा होती है, इसलिए यह जरूरी नहीं कि यह रत्न हर व्यक्ति के लिए फायदेमंद ही साबित हो। इसे धारण करने से पहले अपनी राशि और कुंडली में ग्रहों की वास्तविक स्थिति को जानना बेहद जरूरी है। किसी योग्य विशेषज्ञ की सलाह के बिना इसे फैशन के तौर पर पहनना आपको बड़ी मुसीबत में डाल सकता है।
किन राशियों के लिए वरदान साबित होता है पायराइट?
ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, पायराइट मुख्य रूप से अग्नि और पृथ्वी तत्व की राशियों के लिए अत्यंत भाग्यशाली माना जाता है।
-
मेष, सिंह और वृश्चिक राशि: इन तीन राशियों के जातकों के लिए पायराइट पहनना सबसे ज्यादा फलदायी होता है।
-
कुंडली में ग्रहों की स्थिति: यदि आपकी कुंडली में सूर्य या मंगल ग्रह कमजोर स्थिति में हैं या पीड़ित हैं, तो पायराइट पहनना एक अचूक उपाय साबित हो सकता है।
इसे धारण करने से व्यक्ति के भीतर नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास का संचार होता है, करियर व बिजनेस में रुकी हुई ग्रोथ तेजी से बढ़ती है और आर्थिक तंगी दूर होती है। इन राशियों की जो लड़कियां या युवा नौकरी, नए स्टार्टअप या प्रतियोगी परीक्षाओं में बड़ी सफलता हासिल करना चाहते हैं, उन्हें पायराइट पहनने से चमत्कारी लाभ मिल सकते हैं।
इन 3 राशियों के लोग भूलकर भी न पहनें यह स्टोन
जहां कुछ राशियों के लिए यह रत्न किस्मत बदलने वाला होता है, वहीं कुछ राशियों के लिए यह बेहद अशुभ परिणाम भी ला सकता है।
-
वृषभ, कर्क और मकर राशि: ज्योतिष के नियमों के अनुसार, वृषभ, कर्क और मकर राशि के जातकों को पायराइट पहनने से सख्त परहेज करना चाहिए।
-
मजबूत सूर्य-मंगल वाले लोग: यदि किसी व्यक्ति की कुंडली में सूर्य और मंगल पहले से ही बहुत मजबूत या उच्च स्थिति में हैं, तो उन्हें भी यह स्टोन नहीं पहनना चाहिए।
अगर ऐसी स्थिति में कोई व्यक्ति पायराइट पहनता है, तो इसकी अत्यधिक उग्र ऊर्जा के कारण जातक के स्वभाव में अचानक गुस्सा, आक्रामकता और चिड़चिड़ापन बढ़ सकता है। इसके अलावा, उसे मानसिक तनाव, हाई ब्लड प्रेशर और हर वक्त एक अज्ञात बेचैनी का सामना करना पड़ सकता है।
पैरों में पायराइट की पायल पहनने की कतई न करें गलती
यदि आपकी राशि मेष, सिंह या वृश्चिक है और कुंडली के अनुसार आपके लिए पायराइट पहनना बिल्कुल सही है, तो भी इसकी पायल बनाकर पैरों में पहनने की भूल कभी न करें। रत्न शास्त्र के अनुसार, पैरों में किसी भी शुभ या ऊर्जायुक्त रत्न को धारण करना उस ग्रह का घोर अनादर माना जाता है। पैर हमारे शरीर का सबसे निचला हिस्सा होते हैं, जो धूल-मिट्टी और अशुद्धियों के संपर्क में आते हैं।
अगर आप पैर में सूर्य और मंगल की ऊर्जा वाले पायराइट को पहनते हैं, तो कुंडली में ये दोनों ग्रह पूरी तरह दूषित और खराब हो सकते हैं। इस गंभीर गलती के कारण आपके जीवन में निम्नलिखित नुकसान हो सकते हैं:
-
आर्थिक अस्थिरता और धन हानि: जो रत्न धन को आकर्षित करने के लिए जाना जाता है, वही रत्न पैरों में जाने पर आपकी संचित पूंजी को नष्ट कर सकता है और बिजनेस में घाटा दे सकता है।
-
मानसिक बेचैनी और निगेटिविटी: इसके गलत प्रभाव से घर में कलह, मानसिक अवसाद, तनाव और चारों तरफ से नकारात्मक ऊर्जा आपको घेर सकती है।
सही तरीका क्या है?
अगर आप पायराइट का पूरा और सकारात्मक लाभ उठाना चाहते हैं, तो इसे हमेशा अपने शरीर के ऊपरी हिस्से में ही धारण करें। आप इसे अंगूठी (Right Hand Ring Finger), पेंडेंट (गले में) या फिर हाथ के सुंदर ब्रेसलेट के रूप में पहन सकते हैं। सही दिशा और सही तरीके से पहना गया पायराइट ही आपके जीवन में सुख, समृद्धि, अटूट धन और सौभाग्य लेकर आएगा।