फीफा विश्व कप 2026 में होने जा रहा है मेस्सी और रोनाल्डो का महा-टकराव
फुटबॉल की दुनिया के दो सबसे बड़े दैत्य, रिकॉर्ड्स के बादशाह और करोड़ों दिलों की धड़कन—लियोनेल मेस्सी (Lionel Messi) और क्रिस्टियानो रोनाल्डो (Cristiano Ronaldo) एक बार फिर इतिहास रचने की दहलीज पर खड़े हैं। फीफा विश्व कप 2026 के इस भव्य और ऐतिहासिक मंच पर ये दोनों दिग्गज न केवल अपने देश का प्रतिनिधित्व करेंगे, बल्कि अपने करियर के छठे विश्व कप में भाग लेकर एक ऐसा रिकॉर्ड बनाएंगे जो सदियों तक याद रखा जाएगा। आपको जानकर हैरानी होगी कि फुटबॉल जगत पर राज करने वाले इन दोनों सुपरस्टार्ट्स का आज तक फीफा विश्व कप के इतिहास में कभी भी आमना-सामना नहीं हुआ है। लेकिन इस बार फैंस की यह मुराद पूरी हो सकती है क्योंकि 48 टीमों वाले इस महाकुंभ में दोनों के बीच जंग होने की तीन बेहद मजबूत संभावनाएं (समीकरण) बनती नजर आ रही हैं।
41 की उम्र में भी रोनाल्डो का वही पुराना जोश, तो मेस्सी बचाने उतरेंगे अपनी बादशाहत
लियोनेल मेस्सी और क्रिस्टियानो रोनाल्डो की विरासत फुटबॉल की दुनिया में सुनहरे अक्षरों में लिखी जा चुकी है। अर्जेंटीना के जादूगर मेस्सी ने जहां साल 2014 के फाइनल की कड़वी हार के बाद आखिरकार 2022 में कतर की धरती पर अपनी कप्तानी में देश को तीसरा विश्व कप खिताब जिताया, वहीं पुर्तगाल के महायोध्दा रोनाल्डो के हाथों में अभी भी इस प्रतिष्ठित ट्रॉफी का आना बाकी है। रोनाल्डो साल 2006 में अपने पहले ही विश्व कप में सेमीफाइनल तक पहुंचे थे, लेकिन खिताब से चूक गए थे। आज 41 साल की उम्र में भी रोनाल्डो का मैदान पर उतरना यह साबित करता है कि उनमें आज भी वही 20 साल पुराना जोश और भूख बची हुई है। इस बार मेस्सी, रोनाल्डो और मैक्सिको के दिग्गज गोलकीपर गुइलेर्मो ओचोआ अपना छठा विश्व कप खेलकर इतिहास बनाने जा रहे हैं। मेस्सी के नाम विश्व कप में सबसे ज्यादा 26 मैच खेलने का वर्ल्ड रिकॉर्ड है, जबकि रोनाल्डो भी 22 मैच खेल चुके हैं।
पहला समीकरण: अगर ग्रुप में नंबर वन रहे मेस्सी और रोनाल्डो, तो क्वार्टरफाइनल में मचेगा तहलका
मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना को इस बार फीफा विश्व कप 2026 के ग्रुप जे (Group J) में रखा गया है, जबकि क्रिस्टियानो रोनाल्डो की पुर्तगाल टीम ग्रुप के (Group K) का हिस्सा है। अगर दोनों टीमें उम्मीद के मुताबिक अपने-अपने ग्रुप में टॉप पर रहती हैं, तो वे सीधे नॉकआउट स्टेज का रुख करेंगी। इस पहले और सबसे यथार्थवादी समीकरण के अनुसार, यदि अर्जेंटीना और पुर्तगाल राउंड ऑफ 32 और राउंड ऑफ 16 के अपने-अपने मुकाबले जीतने में कामयाब रहते हैं, तो फुटबॉल प्रेमियों को सीधे क्वार्टरफाइनल (Quarter Final) में मेस्सी बनाम रोनाल्डो की ऐतिहासिक टक्कर देखने को मिलेगी। इस रास्ते में अर्जेंटीना के सामने केवल उरुग्वे की चुनौती सबसे कठिन होगी, जबकि पुर्तगाल का रास्ता क्वार्टरफाइनल तक काफी आसान नजर आ रहा है।
दूसरा समीकरण: ग्रुप में दूसरे स्थान पर रहने पर राउंड ऑफ 16 में ही हो जाएगा 'करो या मरो' का मैच
दूसरा सबसे दिलचस्प समीकरण तब बनेगा जब दोनों ही टीमें अपने-अपने ग्रुप में उलटफेर का शिकार होकर या कड़े मुकाबलों के बाद दूसरे स्थान पर रहें। अगर ऐसा होता है, तो मेस्सी और रोनाल्डो की टीमें बहुत पहले यानी सीधे राउंड ऑफ 16 (Round of 16) में ही एक-दूसरे के खिलाफ मैदान पर जंग के लिए उतर जाएंगी। हालांकि, इस स्थिति तक पहुंचने के लिए दोनों ही टीमों को बेहद खतरनाक और मजबूत प्रतिद्वंद्वियों को धूल चटानी होगी। उदाहरण के तौर पर, इस परिदृश्य में अर्जेंटीना को जहां स्पेन जैसी खतरनाक टीम से पार पाना होगा, वहीं पुर्तगाल को राउंड ऑफ 32 में क्रोएशिया की मजबूत दीवार को तोड़ना पड़ेगा।
तीसरा समीकरण: दुनिया देखना चाहती है जो ड्रीम फाइनल, महामुकाबले के साथ थमेगा रोनाल्डो-मेस्सी का सफर
फुटबॉल पंडितों और दुनिया भर के करोड़ों फैंस के लिए तीसरा समीकरण किसी सपने के सच होने जैसा है। अगर दोनों टीमों में से कोई एक टीम अपने ग्रुप में शीर्ष (नंबर 1) पर रहती है और दूसरी टीम अपने ग्रुप में दूसरे स्थान पर रहती है, तो दोनों के बीच टूर्नामेंट के शुरुआती दौर या क्वार्टरफाइनल में मैच होने की कोई संभावना नहीं बचेगी। इस स्थिति में दोनों टीमें टूर्नामेंट के दो अलग-अलग हिस्सों (ब्रैकेट्स) में चली जाएंगी। इसका सीधा मतलब यह होगा कि यदि दोनों टीमें अपने सभी नॉकआउट मैच जीतते हुए आगे बढ़ती हैं, तो लियोनेल मेस्सी और क्रिस्टियानो रोनाल्डो के बीच उनके करियर का अंतिम और सबसे ऐतिहासिक मुकाबला सीधे फीफा विश्व कप 2026 के 'ग्रैंड फाइनल' (Grand Final) में देखने को मिलेगा। यह फुटबॉल के इतिहास का सबसे बड़ा और यादगार अंत होगा।