Effort Recession in Corporate Sector: क्या है 'एफर्ट रिसेशन'? काम सिर्फ उतना ही जितने के पैसे; भारतीय कंपनियों में क्यों खत्म हो रहा है एक्स्ट्रा काम करने का ट्रेंड?
भारतीय कॉर्पोरेट जगत (Corporate Sector) में इन दिनों एक नया और चौंकाने वाला वर्क कल्चर तेजी से पैर पसार रहा है। अब कर्मचारी दफ्तर आते हैं, अपनी डेस्क संभालते हैं, सिर्फ उतना ही काम करते हैं जितना उनके कॉन्ट्रैक्ट या जॉब डिस्क्रिप्शन (JD) में लिखा है, और समय होते ही लॉग-ऑफ कर देते हैं—न एक मिनट कम, न एक मिनट ज्यादा। मैनेजमेंट और एचआर की भाषा में इस नए ट्रेंड को 'एफर्ट रिसेशन' (Effort Recession यानी प्रयासों में मंदी) का नाम दिया गया है, जिसने देश की बड़ी-बड़ी कंपनियों के कप्तानों की नींद उड़ा दी है।
क्या होता है 'डिस्क्रीशनरी एफर्ट' जो अब गायब हो रहा है?
किसी भी नौकरी में एक ऐसा हिस्सा होता है, जिसे कोई भी कंपनी अपने कर्मचारियों से जबरन या नियम कानून के दम पर नहीं करवा सकती। जैसे—बिना कहे देर रात तक रुकना, अपनी जिम्मेदारी से बाहर जाकर किसी कलीग की मदद करना, या किसी प्रोजेक्ट को सफल बनाने के लिए अपनी क्षमता से बढ़कर योगदान देना। इसे मैनेजमेंट विज्ञान में 'डिस्क्रीशनरी एफर्ट' (Discretionary Effort - स्वैच्छिक प्रयास) कहा जाता है। यही वो एक्स्ट्रा पुश होता है जो किसी साधारण कर्मचारी को लीडर बनाता है और कंपनियों को आगे बढ़ाता है, लेकिन अब भारतीय वर्कफोर्स से यह स्वैच्छिक प्रयास पूरी तरह गायब होता दिख रहा है।
'ग्रेट प्लेस टू वर्क' की रिपोर्ट का चौंकाने वाला खुलासा
'ग्रेट प्लेस टू वर्क इंडिया' (Great Place to Work India) की साल 2026 की एक हालिया स्टडी ने इस ट्रेंड पर मुहर लगाई है।
-
10 में से 6 कंपनियां परेशान: सर्वे में शामिल देश की लगभग 63% कंपनियों (380 में से 240 संगठनों) ने स्वीकार किया है कि पिछले एक साल में उनके कर्मचारियों के 'स्वैच्छिक प्रयास' में औसतन 5% की भारी गिरावट आई है।
-
रिटेल और आईटी पर सबसे ज्यादा मार: इस मंदी का सबसे बुरा असर रिटेल सेक्टर (88%) में देखा गया है। इसके बाद आईटी (IT) और प्रोफेशनल सर्विसेज (77%) तथा कंस्ट्रक्शन व रियल एस्टेट (71%) का नंबर आता है। वहीं, मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर इस मामले में सबसे मजबूत रहा, जहाँ सिर्फ 44% कंपनियों ने ही इस गिरावट को महसूस किया।
'मूड वैसा, काम जैसा' — मैनेजर के व्यवहार पर टिका है एक्स्ट्रा एफर्ट
रिपोर्ट के निष्कर्ष साफ इशारा करते हैं कि कर्मचारी अब 'अंधभक्ति' के मूड में नहीं हैं। उनका एक्स्ट्रा काम पूरी तरह से कंपनी के लीडरशिप और भरोसे पर टिका है:
-
केयरिंग मैनेजर = 99% एफर्ट: जिन कर्मचारियों को लगता है कि उनका मैनेजर सच में उनकी परवाह करता है और उन्हें काम के बदले सही पैसे व सम्मान मिलेगा, उनका अतिरिक्त प्रयास का स्तर 99 फीसदी तक देखा गया।
-
भरोसे की कमी = सिर्फ 29% काम: जहाँ कर्मचारियों और मैनेजमेंट के बीच भरोसे की कमी है, वहाँ यह स्वैच्छिक योगदान गिरकर महज 29 फीसदी पर सिमट जाता है। इसी तरह, प्रेरणादायक लीडरशिप मिलने पर एक्स्ट्रा एफर्ट 98% रहता है, अन्यथा केवल 32% रह जाता है।
Gen Z और AI के दौर में एचआर (HR) के सामने नई चुनौती
भारतीय कार्यबल (Workforce) में अब जेन-जी (Gen Z) यानी नई पीढ़ी के कर्मचारियों की हिस्सेदारी बढ़कर 26% हो चुकी है। इसके साथ ही कंपनियां आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बड़े बदलावों से गुजर रही हैं।
लगभग 58% चीफ ह्यूमन रिसोर्स ऑफिसर्स (CHROs) का मानना है कि उन्हें एक तरफ एआई (AI) को अपनाना पड़ रहा है, तो दूसरी तरफ नई पीढ़ी की उम्मीदों के हिसाब से ऑफिस का माहौल बदलना पड़ रहा है। सबसे बड़ी बात यह है कि करीब 50% एचआर प्रमुखों ने माना कि वे आज भी जेन-जी कर्मचारियों की प्राथमिकताओं (वर्क-लाइफ बैलेंस, मेंटल पीस) को पूरी तरह समझने में नाकाम रहे हैं। कर्मचारी अब 'क्वाइट क्विटिंग' (Quiet Quitting) को अपना रहे हैं, जो सीधे तौर पर कॉर्पोरेट जगत के लिए 'एफर्ट रिसेशन' बन चुका है।