IND vs PAK: झुक गया पाकिस्तान! आईसीसी की सख्ती के बाद भारत से खेलने को राजी हुआ पीसीबी, 15 फरवरी को होगा 'महामुकाबला'

Post

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के महाकुंभ में जिस मैच का पूरी दुनिया को इंतजार था, उस पर लगी रोक अब हट गई है। पाकिस्तान सरकार ने अंततः अपने अड़ियल रवैये को छोड़ते हुए अपनी टीम को भारत के खिलाफ 15 फरवरी को मैदान में उतरने के निर्देश दे दिए हैं। एएनआई (ANI) ने पाकिस्तान सरकार के सोशल मीडिया पोस्ट और आधिकारिक रिलीज के हवाले से इस खबर की पुष्टि कर दी है।

बता दें कि 1 फरवरी 2026 को पाकिस्तान ने 'बायकॉट' का राग अलापा था, लेकिन आईसीसी के कड़े तेवर और कंगाली के डर ने 8 दिनों के भीतर ही पीसीबी के होश ठिकाने लगा दिए।

पाकिस्तान सरकार की रिलीज में क्या है?

पाकिस्तान सरकार द्वारा जारी आधिकारिक बयान के अनुसार:

"पाकिस्तान के प्रधानमंत्री को पीसीबी चेयरमैन मोहसिन नकवी ने आईसीसी और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के साथ हुई बैठक की जानकारी दी। सरकार ने पड़ोसी देशों—श्रीलंका, यूएई और बांग्लादेश—के क्रिकेट बोर्ड्स की रिक्वेस्ट पर विचार किया। इसके बाद फैसला लिया गया कि पाकिस्तान क्रिकेट टीम तय शेड्यूल के अनुसार भारत के खिलाफ मुकाबले में उतरेगी।"

कंगाली और आईसीसी के 'हंटर' से डरा पाकिस्तान

पाकिस्तान के अचानक यू-टर्न लेने के पीछे खेल भावना कम और आर्थिक बर्बादी का डर ज्यादा नजर आ रहा है।

सालाना रेवेन्यू का खतरा: यदि पाकिस्तान बायकॉट करता, तो आईसीसी से मिलने वाला करीब 315 करोड़ रुपये का सालाना रेवेन्यू रुक जाता। कंगाली की कगार पर खड़े पीसीबी के लिए यह किसी बड़े झटके से कम नहीं होता।

ब्रॉडकास्टर्स का दबाव: भारत-पाकिस्तान मैच न होने की स्थिति में ब्रॉडकास्टर्स को भारी नुकसान होता, जिसकी भरपाई पाकिस्तान को करनी पड़ती।

शर्तें हुई खारिज: पाकिस्तान ने आईसीसी के सामने ब्लैकमेलिंग के जरिए कई शर्तें रखी थीं, जिन्हें आईसीसी ने सिरे से ठुकरा दिया।

पड़ोसी देशों ने भी दिखाया 'आईना'

पाकिस्तान इस मामले में पूरी तरह अलग-थलग पड़ गया था। श्रीलंका और यूएई क्रिकेट बोर्ड ने पहले ही पाकिस्तान को इसके दुष्परिणामों के प्रति आगाह किया था। अंत में जब बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने भी पाकिस्तान से खेलने का अनुरोध किया, तब जाकर पाकिस्तान को समझ आया कि बायकॉट करना उसके अपने पैरों पर कुल्हाड़ी मारने जैसा होगा।

15 फरवरी: तैयार हो जाइए साल के सबसे बड़े मैच के लिए

इस आधिकारिक घोषणा के बाद अब यह साफ है कि 15 फरवरी को क्रिकेट की दुनिया का सबसे बड़ा 'एल क्लासिको' अपने पूर्व निर्धारित समय और स्थान पर खेला जाएगा। फैंस जो अब तक टिकटों और मैच के भविष्य को लेकर डरे हुए थे, उन्होंने अब राहत की सांस ली है।