BREAKING:
April 16 2026 04:36 pm

कानपुर में एलपीजी के लिए हाहाकार चिलचिलाती धूप में घंटों खड़े रहे लोग, गैस एजेंसी पर बुकिंग को लेकर खूनी संघर्ष

Post

News India Live, Digital Desk: उत्तर प्रदेश के कानपुर में एलपीजी सिलेंडरों की किल्लत अब हिंसक रूप लेने लगी है। किदवईनगर के मार्बल मार्केट स्थित विजया गैस एजेंसी में मंगलवार को गैस की किल्लत और डिलीवरी में देरी को लेकर जबरदस्त हंगामा हुआ। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि उपभोक्ताओं के बीच जमकर मारपीट शुरू हो गई। भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप में घंटों कतार में खड़े लोगों का सब्र जवाब दे गया, जिसके बाद पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।

DAC कोड को लेकर शुरू हुआ विवाद, दोपहर तक चली मारपीट

विजया गैस एजेंसी पर मंगलवार सुबह 6 बजे से ही करीब 50-60 लोग सिलेंडर लेने के लिए जमा हो गए थे। उपभोक्ताओं का आरोप था कि कई दिनों से बुकिंग कराने के बावजूद उन्हें सिलेंडर नहीं मिल रहे हैं और एजेंसी कर्मचारी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे रहे हैं। दोपहर होते-होते कतार में लोगों की संख्या 200 के पार पहुंच गई। विवाद की मुख्य वजह DAC (Delivery Authentication Code) को लेकर रही। उपभोक्ताओं का कहना था कि बुकिंग के बाद पहला कोड आ चुका है, लेकिन एजेंसी कर्मचारी दूसरे कोड का इंतजार करने की बात कहकर उन्हें टरका रहे थे।

बीच लाइन में घुसने पर भड़का गुस्सा, भाग खड़े हुए उपभोक्ता

हंगामा शांत होने के बाद दोपहर करीब ढाई बजे जब लोग कतार में खड़े थे, तभी कुछ युवकों ने बीच लाइन में घुसने की कोशिश की। वहां मौजूद अन्य लोगों ने जब इसका विरोध किया, तो आरोपित गाली-गलौज पर उतारू हो गए। देखते ही देखते बात मारपीट तक पहुंच गई। एक युवक को जमीन पर गिराकर बुरी तरह पीटा गया, जिसमें महिलाएं भी शामिल हो गईं। सूचना मिलने पर यूपी-112 पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देख कई लोग अपने खाली सिलेंडर वहीं छोड़कर भाग निकले। पुलिस ने तीन युवकों को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया।

शादी वाले घरों के लिए राहत: विभाग दिलाएगा सिलेंडर

सहालग (शादी के सीजन) के बीच गैस की इस किल्लत ने आम जनता की परेशानी बढ़ा दी है। हालांकि, आपूर्ति विभाग ने राहत भरी खबर दी है। शादी समारोहों को देखते हुए जिला आपूर्ति कार्यालय अब विशेष रूप से सिलेंडर मुहैया करा रहा है। जिला आपूर्ति अधिकारी (DSO) राकेश कुमार ने बताया कि जिन घरों में शादी है, वे शादी के कार्ड के साथ प्रार्थना पत्र कार्यालय में दे सकते हैं। इसके बाद सिक्योरिटी जमा कराकर उन्हें कॉमर्शियल सिलेंडर आवंटित किए जा रहे हैं। अब तक 200 से अधिक आवेदनों पर सिलेंडर दिलाए जा चुके हैं।

मध्य पूर्व जंग का असर और स्थानीय किल्लत

कॉमर्शियल सिलेंडरों की डिलीवरी पर रोक और मध्य पूर्व में चल रहे युद्ध के कारण आपूर्ति श्रृंखला प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। इसका सीधा असर सहालग पर न पड़े, इसके लिए प्रशासन गैस कंपनियों और एजेंसियों के बीच समन्वय स्थापित कर रहा है। एजेंसी संचालकों का कहना है कि पीछे से आपूर्ति कम होने के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है, जिसे जल्द ही सामान्य करने की कोशिश की जा रही है।