नींद की कमी कार्यस्थल पर बना 'साइलेंट किलर', कम उत्पादकता और खराब सेहत के पीछे है यह बड़ा कारण

नींद की कमी कार्यस्थल पर बना 'साइलेंट किलर', कम उत्पादकता और खराब सेहत के पीछे है यह बड़ा कारण

आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी में नींद एक विलासिता (Luxury) जैसी लगने लगी है। देर रात तक ईमेल का जवाब देना, ऑफिस का काम और सोने से पहले घंटों स्क्रीन पर बिताने की आदत ने हमारी नींद की गुणवत्ता को बुरी तरह प्रभावित किया है। क्या आप जानते हैं कि नींद की कमी न केवल आपकी अगली सुबह खराब करती है, बल्कि यह आपके करियर और स्वास्थ्य के लिए एक बड़े संकट के रूप में उभर रही है? विशेषज्ञों के अनुसार, लंबे समय तक नींद पूरी न करना कार्यस्थल पर शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए सबसे बड़ा खतरा बनता जा रहा है।

क्यों कर्मचारी हो रहे हैं 'नींद की कमी' का शिकार?

इंटरनेशनल एसओएस के मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विक्रम वोरा के अनुसार, आधुनिक कार्य संस्कृति ने हमारे सोने के समय को तहस-नहस कर दिया है। हाइब्रिड वर्किंग कल्चर, ग्लोबल मीटिंग्स और 'हमेशा उपलब्ध' रहने के दबाव ने काम और निजी जिंदगी के बीच की लक्ष्मण रेखा को धुंधला कर दिया है। कर्मचारी अक्सर काम के बोझ और तनाव के चलते अपनी नींद के साथ समझौता कर रहे हैं, जो सीधे तौर पर उनके संगठनात्मक प्रदर्शन को प्रभावित कर रहा है।

नींद का आपकी उत्पादकता से सीधा कनेक्शन

बहुत से लोग सोचते हैं कि नींद सिर्फ ऊर्जा के लिए जरूरी है, लेकिन असल में यह हमारे मस्तिष्क को 'रिसेट' करने का काम करती है। डॉ. वोरा का कहना है कि अपर्याप्त नींद से एकाग्रता, निर्णय लेने की क्षमता, रचनात्मकता और समस्या-समाधान की शक्ति कम हो जाती है। इसके परिणामस्वरूप 'प्रेजेंटिज़्म' (Presenteeism) की स्थिति पैदा होती है, जहां कर्मचारी ऑफिस में तो होते हैं, लेकिन उनका प्रदर्शन अपनी क्षमता से काफी नीचे होता है। मानसिक स्वास्थ्य और नींद का गहरा नाता है; नींद न आने से तनाव, चिंता और चिड़चिड़ापन बढ़ता है, जो टीम के बीच संवाद में बाधा पैदा करता है।

स्वास्थ्य पर पड़ते हैं गंभीर प्रभाव

अगर आप हफ्तों से कम नींद ले रहे हैं, तो यह केवल थकावट तक सीमित नहीं है। यह मोटापे, टाइप 2 मधुमेह, उच्च रक्तचाप, हृदय रोग और कमजोर प्रतिरक्षा प्रणाली जैसी बीमारियों को बुलावा है। डॉ. वोरा के अनुसार, स्वास्थ्य सेवा, परिवहन और निर्माण जैसे उद्योगों में तो नींद की कमी के परिणाम और भी घातक हो सकते हैं। धीमी प्रतिक्रिया और कम सतर्कता सीधे दुर्घटनाओं और परिचालन संबंधी त्रुटियों का कारण बनती है।

नियोक्ताओं और कर्मचारियों के लिए समाधान

अब समय आ गया है कि कंपनियां नींद को पोषण और शारीरिक स्वास्थ्य की तरह ही एक महत्वपूर्ण स्तंभ मानें। डॉ. वोरा सुझाव देते हैं कि कार्यस्थल पर ऐसी संस्कृति विकसित की जाए जहां कर्मचारियों के आराम के समय का सम्मान हो। प्रबंधकों को भी उदाहरण पेश करना चाहिए—देर रात को ईमेल न भेजें और स्वस्थ कार्य-जीवन संतुलन को प्रोत्साहित करें। नींद लेना प्रतिबद्धता की कमी नहीं, बल्कि बेहतर प्रदर्शन में निवेश है। एक स्वस्थ और पर्याप्त नींद लेने वाला कर्मचारी न केवल खुश रहता है, बल्कि कंपनी की दीर्घकालिक सफलता में भी बड़ा योगदान देता है।

 

Latest Posts