FIFA 2026: हैरी केन के महा-रिकॉर्ड से जीता इंग्लैंड, DR कांगो को हराकर प्री-क्वार्टर फाइनल में एंट्री
फीफा वर्ल्ड कप 2026 के 'राउंड ऑफ 32' के एक बेहद रोमांचक मुकाबले में इंग्लैंड ने डीआर कांगो (DR Congo) को 2-1 से धूल चटाकर प्री-क्वार्टर फाइनल का टिकट पक्का कर लिया है. अब 6 जुलाई को मेक्सिको सिटी स्टेडियम में इंग्लैंड की भिड़ंत मेजबान मेक्सिको से होगी, जो इस टूर्नामेंट का सबसे बड़ा मुकाबला हो सकता है. अटलांटा स्टेडियम में खेले गए इस हाई-वोल्टेज मैच में इंग्लैंड की टीम एक समय एक गोल से पिछड़ रही थी, लेकिन कप्तान हैरी केन ने पने जादुई खेल से पासा पलट दिया. उन्होंने मैच में दो शानदार गोल दागकर टीम की मैच में वापसी कराई और जीत की स्क्रिप्ट लिखी. इस जीत के साथ ही 1966 की चैंपियन इंग्लैंड ने अफ्रीकी टीमों के खिलाफ वर्ल्ड कप इतिहास में कभी न हारने के अपने 10 मैचों के अजेय रिकॉर्ड को भी शान से बरकरार रखा है.
हैरी केन ने रचा इतिहास: मेसी-एम्बाप्पे के 'एलीट क्लब' में हुए शामिल
अटलांटा के मैदान पर दो गोल दागने के साथ ही इंग्लैंड के कप्तान हैरी केन ने फुटबॉल इतिहास में अपना नाम सुनहरे अक्षरों में दर्ज करा लिया है. वे इंग्लैंड के पहले ऐसे खिलाड़ी बन गए हैं, जिन्होंने एक से ज्यादा फीफा वर्ल्ड कप टूर्नामेंट में 5 या उससे ज्यादा गोल करने का कारनामा किया है. हैरी केन इस समय मेंस इंटरनेशनल फुटबॉल और फीफा वर्ल्ड कप, दोनों में इंग्लैंड के लिए सबसे ज्यादा गोल करने वाले सर्वकालिक महान खिलाड़ी हैं. डीआर कांगो के खिलाफ मिली इस सफलता के बाद फीफा वर्ल्ड कप 2026 में उनके गोल की कुल संख्या बढ़कर 5 हो गई है.
गोल्डन बूट विनर का सफर: क्लोज और मुलर के रिकॉर्ड की बराबरी
बायर्न म्यूनिख के इस स्टार स्ट्राइकर ने साल 2018 में अपना फीफा वर्ल्ड कप डेब्यू किया था, जहां उन्होंने अकेले 6 गोल दागकर 'गोल्डन बूट' अपने नाम किया था. इसके बाद 2022 वर्ल्ड कप में उन्होंने 2 गोल किए और अब 2026 के टूर्नामेंट में एक बार फिर 5 गोल का जादुई आंकड़ा छू लिया है.
दुनिया के महानतम फुटबॉलरों की बात करें तो टेओफिलो कुबिलस (पेरू), मिरोस्लाव क्लोज (जर्मनी), थॉमस मुलर (जर्मनी), लियोनेल मेसी (अर्जेंटीना) और किलियन एम्बाप्पे (फ्रांस) के बाद हैरी केन दुनिया के सिर्फ छठे ऐसे खिलाड़ी बन गए हैं, जिन्होंने दो अलग-अलग वर्ल्ड कप एडिशन में 5 या उससे ज्यादा गोल दागे हैं.
मेसी और एम्बाप्पे से चल रही है नंबर-1 की रेस
वर्ल्ड कप के इतिहास पर नजर डालें तो जर्मनी के मिरोस्लाव क्लोज ने (2002 और 2006) में 5-5 गोल किए थे, जबकि थॉमस मुलर ने (2010 और 2014) में यह कारनामा दोहराया था. अर्जेंटीना के महान खिलाड़ी लियोनेल मेसी ने 2022 में अपनी टीम को चैंपियन बनाते समय 7 गोल किए थे और इस साल 2026 वर्ल्ड कप में भी वे अब तक 6 गोल दाग चुके हैं. वहीं फ्रांस के सनसनीखेज स्ट्राइकर किलियन एम्बाप्पे ने पिछले वर्ल्ड कप में 8 गोल किए थे और इस बार भी वे 6 गोल ठोक चुके हैं. हैरी केन अब इन दिग्गजों को कड़ी टक्कर दे रहे हैं.
फीफा वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे ज्यादा गोल करने वाले टॉप खिलाड़ी (All-Time)
| स्थान | खिलाड़ी (देश) | कुल गोल |
| 1. | लियोनल मेसी (अर्जेंटीना) | 19 गोल |
| 2. | किलियन एम्बाप्पे (फ्रांस) | 18 गोल |
| 3. | मिरोस्लाव क्लोज (जर्मनी) | 16 गोल |
| 4. | रोनाल्डो नाजारियो (ब्राजील) | 15 गोल |
| 5. | गर्ड मूलर (जर्मनी) | 14 गोल |
| 6. | जस्ट फोंटेन (फ्रांस) | 13 गोल |
| 7. | हैरी केन (इंग्लैंड) | 13 गोल |