BREAKING:
April 05 2026 05:51 am

हवाई सफर पर डबल अपडेट: कुवैत एयरवेज कल से शुरू कर रहा भारत के लिए उड़ानें, लेकिन 115% महंगे एटीएफ से जेब पर पड़ेगी भारी मार!

Post

कुवैत से भारत आने-जाने वाले यात्रियों के लिए एक तरफ बड़ी खुशखबरी है, तो दूसरी तरफ महंगाई का एक तगड़ा झटका भी। कुवैत एयरवेज़ कल यानी 5 अप्रैल से भारत के लिए अपनी उड़ानें फिर से शुरू करने जा रहा है। उड़ानों की बहाली से यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी, लेकिन हवाई ईंधन (ATF) की कीमतों में 115% के ऐतिहासिक उछाल के कारण अब हवाई सफर आपकी जेब पर भारी पड़ने वाला है। आइए आपको कुवैत एयरवेज का नया शेड्यूल और महंगे किराये का पूरा गणित समझाते हैं।

कुवैत एयरवेज का नया शेड्यूल: भारत के इन 4 शहरों के लिए भरेंगी उड़ानें

एयरलाइन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, 5 अप्रैल से सऊदी अरब के दम्माम शहर से होकर भारत के चार प्रमुख शहरों— दिल्ली, मुंबई, अहमदाबाद और कोच्चि के लिए फ्लाइट्स का संचालन शुरू हो जाएगा। अगर आप इन शहरों के लिए यात्रा करने वाले हैं, तो नया शेड्यूल कुछ इस प्रकार रहेगा:

अहमदाबाद: सप्ताह में एक दिन, हर रविवार को फ्लाइट उपलब्ध होगी।

कोच्चि: सप्ताह में दो दिन, हर सोमवार और बुधवार को उड़ानें संचालित होंगी।

दिल्ली: राजधानी के लिए सप्ताह में एक दिन, हर मंगलवार को फ्लाइट मिलेगी।

मुंबई: आर्थिक राजधानी के लिए हर शुक्रवार को सप्ताह में एक बार सर्विस रहेगी।

दम्माम के रास्ते इन अंतरराष्ट्रीय रूट्स पर भी आसान होगा सफर

यात्रियों की बढ़ती डिमांड को देखते हुए कुवैत एयरलाइन ने सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि अपने नेटवर्क का विस्तार भी किया है। अब यात्री दम्माम के रास्ते लंदन, काहिरा, इस्तांबुल, लाहौर और अम्मान जैसे प्रमुख अंतरराष्ट्रीय शहरों के लिए भी उड़ान भर सकेंगे।

आम आदमी की जेब पर डाका! 115% महंगा हुआ हवाई ईंधन (ATF)

एक ओर जहां नई उड़ानों की शुरुआत हो रही है, वहीं हवाई ईंधन (Aviation Turbine Fuel) की आसमान छूती कीमतों ने एविएशन सेक्टर की नींद उड़ा दी है। 1 अप्रैल को दिल्ली में एटीएफ की कीमत दोगुनी से भी ज्यादा होकर ₹2,07,341 प्रति किलोलीटर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई है। मार्च के महीने में यह कीमत सिर्फ ₹96,638 थी। इतिहास में यह पहला मौका है जब हवाई ईंधन की कीमत 2 लाख रुपये के आंकड़े को पार कर गई है। घरेलू उड़ानों के ईंधन में 115% और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के ईंधन में लगभग 107% की भारी वृद्धि दर्ज की गई है।

क्यों बढ़ रहे हैं दाम और हवाई किराये पर क्या होगा असर?

इस भयंकर महंगाई के पीछे मुख्य कारण पश्चिम एशिया में तेज होता युद्ध और ग्लोबल मार्केट में कच्चे तेल (Crude Oil) की कीमतों में आया जबर्दस्त उछाल है। एक्सपर्ट्स का साफ कहना है कि ईंधन महंगा होने का सीधा असर यात्रियों की जेब पर पड़ेगा और फ्लाइट के टिकट महंगे होंगे। इसके अलावा, केंद्र सरकार ने घरेलू हवाई टिकटों की कीमतों पर लगी लिमिट (Cap) पहले ही हटा दी है। इसका सीधा मतलब यह है कि अब एयरलाइंस कंपनियां अपनी मर्जी और लागत के हिसाब से किराया तय करने के लिए स्वतंत्र हैं, जिससे आने वाले दिनों में हवाई सफर का महंगा होना लगभग तय माना जा रहा है।