कनाडा में पंजाबी सिंगर पर जानलेवा हमला, रोहित गोदारा गैंग ने सोशल मीडिया पर ली जिम्मेदारी
News India Live, Digital Desk: कनाडा में भारतीय कलाकारों पर हो रहे हमले रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं। एक ताजा घटना में, पंजाबी गायक तेजी कहलों पर जानलेवा हमला हुआ, जिसमें उन्हें गोलियां लगीं। इस हमले की जिम्मेदारी कुख्यात गैंगस्टर रोहित गोदारा के गैंग ने ली है।गैंग ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट डालकर न केवल हमले का दावा किया, बल्कि इसके पीछे की वजह भी बताई और आगे भी ऐसी घटनाओं को अंजाम देने की धमकी दी है।
गोदारा गैंग के सदस्य महेंद्र सरन दिलाना ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, "कनाडा में सिंगर तेजी कहलों पर जो गोलीबारी हुई है, वो हमने करवाई है।पोस्ट में आरोप लगाया गया है कि तेजी कहलों उनके दुश्मनों को आर्थिक रूप से मदद कर रहे थे, उन्हें हथियार मुहैया करा रहे थे और उनके खिलाफ साजिश रच रहे थे
पोस्ट में सिंगर को सीधी चेतावनी देते हुए लिखा गया, “उसके पेट में गोलियां लगी हैं। अगर उसे यह बात समझ आ गई तो ठीक है, नहीं तो अगली बार उसे खत्म कर देंगे।” इस घटना ने कनाडा में रह रहे भारतीय समुदाय, खासकर पंजाबी कलाकारों के बीच डर का माहौल पैदा कर दिया है।
गैंग ने अपनी पोस्ट में सिर्फ तेजी कहलों को ही नहीं, बल्कि उनके समर्थकों को भी धमकी दी है। उन्होंने लिखा है कि अगर किसी ने भी कहलों की आर्थिक मदद की या उनके दुश्मनों का साथ दिया, तो वे उनके परिवार तक को नहीं बख्शेंगे। पोस्ट में बिल्डरों, कारोबारियों और हवाला व्यापारियों को भी चेतावनी दी गई है कि अगर वे उनके दुश्मनों की मदद करते पाए गए तो उन्हें भी दुश्मन माना जाएगा।
यह घटना भारत के गैंगस्टरों के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क और कनाडा की धरती पर बढ़ती गैंगवॉर की तरफ इशारा करती है। पहले भी लॉरेंस बिश्नोई जैसे गैंगस्टरों का नाम कनाडा में हुई हिंसक घटनाओं में सामने आता रहा है।इस ताजा हमले ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि कनाडा अपराधियों के लिए एक सुरक्षित पनाहगाह क्यों बनता जा रहा है।