कोरबा: न्याय पत्र के साथ स्वस्थ लोकतंत्र स्थापित करने चुनावी मैदान में उतरेगी कांग्रेस

कोरबा, 05 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के निर्देशानुसार लोकसभा चुनाव का न्याय पत्र 2024 कोरबा में विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने विमोचित किया। कोरबा प्रेस क्लब तिलक भवन में आयोजित पत्रवार्ता में डॉ. महंत ने न्याय पत्र में शामिल 5 न्याय और 25 गारंटियों की जानकारी दी। घोषणा पत्र में युवाओं को 30 लाख नौकरियां, गरीब महिलाओं को 1 लाख रुपये सालाना, किसानों के लिए एमएसपी की गारंटी, जातिगत जनगणना, इसके आधार पर आरक्षण, आरक्षण से 50 प्रतिशत की सीमा हटाने, अग्निवीर योजना बंद करने का वादा को उल्लेखित किया।

डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि राहुल गांधी ने कन्याकुमारी से कश्मीर तक, मणिपुर से मुंबई तक न्याय यात्रा की। इस दौरान जो अनुभव उन्होंने किया उसे न्याय पत्र के रूप में सामने रखा गया है। न्याय पत्र हमारा संघर्ष है, हमारी तपस्या है और हमारा संकल्प है जिससे हम सब बंधे हैं। लोकसभा चुनाव में कांग्रेस इस घोषणा न्याय पत्र के साथ आम जनता के सामने स्वस्थ लोकतंत्र स्थापित करने चुनावी मैदान में उतरेगी। वर्ष 2019 के घोषणा पत्र में हमने जो बातें कही थी, चूंकि हमारी सरकार नहीं बन सकी तो वह घोषणा पत्र पूरा का पूरा हमने इस न्याय पत्र में शामिल किया है, जो यथावत माने जाएंगे और इन्हें पूरा करने की हम प्रतिबद्धता जाहिर करते हैं।