उधार का उम्मीदवार लेकर चुनाव लड़ रही कांग्रेस, इस बार पहले से बड़ी जीत होगी : कपिल मिश्रा

कोटा, 19 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली प्रदेश भाजपा के उपाध्यक्ष व वक्ता कपिल मिश्रा ने शुक्रवार को कांग्रेस व विपक्ष पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि कोटा में कांग्रेस उधार का उम्मीदवार लेकर चुनाव लड़ रही है। इस वक्त भारत का विपक्ष राजनीतिक विपक्ष ना हो करके राष्ट्र का विपक्ष बन गया। जिस प्रकार शब्दावली, नीतियों का प्रयोग कर रहे है। उससे मोदी की लहर बड़ा करने में योगदान दे रहे है।

कोटा में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कपिल मिश्रा ने कहा देश के चुनाव पर पूरे विश्व की नजर है। तीसरी बार मोदी के नेतृत्व में बड़ी जीत होगी। हर बार पिछले से ज्यादा बड़ी जीत हुई है। इसलिए ये अदभुत व बदलते हुए भारत का निर्णायक चुनाव है। पीएम मोदी ने कहा है कि आने वाले कार्यकाल में हम भारत के भविष्य की नींव रखने का काम करेंगे। इस बार के चुनाव में पिछली बार की मोदी लहर से बड़ी लहर है। इसीलिए इस बार 400 पार का नारा दिया है। निश्चित रूप से इस बार 400 से ज्यादा सीटें जीतेंगे। मोदी की बड़ी लहर है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को तो कोटा में कोई उम्मीदवार ही नहीं मिला। कांग्रेस उधार का उम्मीदवार लेकर उधार का चुनाव लड़ रही। एक तरफ राष्ट्रीय स्तर का नेतृत्व है दूसरी तरफ के लोग राष्ट्र के साथ नहीं है। वो कभी खुद को सनातनी बताते है। कभी ये भी नहीं कह पाते कि राम मंदिर को उनके नेतृत्व ने बायकॉट क्यों किया? मिश्रा ने कोटा में बड़ी जीत का दावा किया।

मिश्रा ने कहा कि यूपी के सीएम योगी ने कानून व्यवस्था का जो रोल मॉडल दिया है, वही रोल मॉडल भाजपा के मुख्यमंत्रियों के साथ अन्य मुख्यमंत्री भी कॉपी करने की कोशिश कर रहे हैं। कुछ कर पाते हैं, कुछ नहीं कर पाते। पिछली कांग्रेस सरकार के समय प्रदेश में कानून व्यवस्था बड़ा मुद्दा थी। कांग्रेस सरकार के खिलाफ असंतोष था। बीजेपी के राज में सुधार को लेकर बहुत तेजी से काम हो रहा है। चुनाव प्रचार में वसुंधरा राजे सहित दिग्गज नेताओं के गायब रहने के सवाल पर उन्होंने कहा कि मैं जानता ही नहीं, कौनसे दिग्गज गायब है। मेरी जानकारी में ऐसा मुद्दा भी नहीं है। उन्होंने कहा कि सबको अलग अलग जिम्मेदारी दी गई हैं। संगठन जिसको भी जो आदेश दे रहा है, वो पहले से भी ज्यादा जोश व उत्साह से आदेश का पालन कर रहा है।