पंचकूला विधानसभा क्षेत्र की विजय संकल्प रैली 28 अप्रैल को, मुख्यमंत्री करेंगे संबोधित

पंचकूला, 23 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने कहा कि 28 अप्रैल को होने वाली पंचकूला विधानसभा क्षेत्र की विजय संकल्प रैली ऐतिहासिक होगी।

ज्ञानचंद गुप्ता मंगलवार को पार्टी कार्यालय पंचकमल में हुई बैठक को संबोधित कर रहे थे। जिला अध्यक्ष दीपक शर्मा की अध्यक्षता बैठक हुई बैठक में रैली की तैयारियों के लिए पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

विधानसभा के अध्यक्ष गुप्ता ने कहा कि अंबाला लोकसभा के प्रत्याशी बंतो कटारिया के समर्थन में मुख्यमंत्री नायब सैनी 28 अप्रैल को सायं 4 बजे अग्रवाल भवन, सेक्टर-16 के पीछे पार्किंग में पंचकूला विधानसभा क्षेत्र की विजय संकल्प रैली को संबोधित करेंगे। गुप्ता ने कहा कि पंचकूला की विजय संकल्प रैली ऐतिहासिक और भव्य होगी। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से कहा कि रैली को सफल बनाने के लिए वे ज्यादा से ज्यादा लोगों को रैली में लेकर आएं। रैली की सफलता के लिए सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर अभी से काम में लग जाएं। गांव-गांव, वार्ड व मोहल्लों में जाकर लोगों को रैली का निमंत्रण दें।

उन्होंने कहा कि गांवों के प्रमुख लोगों को विशेष रूप से आमंत्रित करें। गुप्ता ने कार्यकर्ताओं से आह्वान करते हुए कहा कि वे ज्यादा से ज्यादा लोगों को बताएं कि मोदी और नायब सरकार में हर वर्ग को न्याय मिल रहा है और जबरदस्त विकास कार्य हो रहे हैं।

गुप्ता ने कहा कि सरकार ने किसान, कर्मचारी, व्यापारी हितैषी नीतियां लागू की हैं। भाजपा सरकार सबका साथ सबका विकास के फार्मूले पर कार्य कर रही है। सरकार किसी भी क्षेत्र को विकास के मामले में पीछे नहीं छोड़ना चाहती। उन्होंने कहा कि भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है, जो परिवारवाद, क्षेत्रवाद और भाई भतीजावाद के खिलाफ हैं। भाजपा में कार्यकर्ता ही शिखर तक पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि साधारण परिवार से आने वाला व्यक्ति नरेन्द्र मोदी देश के प्रधानमंत्री बनते हैं, यह भाजपा में ही संभव है।

बैठक में गुप्ता ने कहा कि कार्यकर्ता लोगों के बीच जाएं और मोदी तथा नायब सरकार की उपलब्धियां बताएं। उन्होंने कहा कि लोगों को बताएं कि 10 सालों में कैसे डबल इंजन सरकार ने लोगों के जीवन को सरल बनाया है। सड़कों का जाल बिछाकर बेहतर कनेक्टिविटी लोगों को दी है। दस वर्षों में एक नया हरियाणा बनाने का काम भाजपा की सरकार ने किया है, जिसकी चर्चा हर व्यक्ति आज कर रहा है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार काम करने वाली है।