CBSE का बड़ा फैसला! अब बिना CCTV वाले स्कूल नहीं बन पाएंगे बोर्ड परीक्षा केंद्र, कैमरों की निगरानी में होंगे एग्जाम
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) अब 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं को पूरी तरह से नकल-मुक्त और पारदर्शी बनाने के लिए एक्शन मोड में आ गया है। 2026 की बोर्ड परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए, बोर्ड ने परीक्षा केंद्रों के लिए एक नई और सख्त सीसीटीवी पॉलिसी जारी की है, जिसे हर स्कूल को मानना अनिवार्य होगा।
CBSE ने साफ कर दिया है कि जिन स्कूलों में हर परीक्षा हॉल (क्लासरूम) में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे होंगे, उन्हें 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं के लिए केंद्र (Exam Centre) नहीं बनाया जाएगा।
क्या है CBSE की नई CCTV पॉलिसी?
इस नई पॉलिसी के तहत, परीक्षा केंद्रों को कुछ कड़े नियमों का पालन करना होगा:
- हर कोने पर नजर: सीसीटीवी का कवरेज सिर्फ परीक्षा हॉल के अंदर ही नहीं, बल्कि क्लास के प्रवेश और निकास द्वार (Entry-Exit Gate) और बच्चों की डेस्क तक होना चाहिए, ताकि हर गतिविधि कैमरे में कैद हो सके।
- 24x7 चलेंगे कैमरे: परीक्षा की पूरी अवधि के दौरान सीसीटीवी कैमरे एक पल के लिए भी बंद नहीं होंगे और लगातार चालू रखे जाएंगे।
- आसान हो वीडियो फुटेज निकालना: अगर भविष्य में किसी जांच या समीक्षा की जरूरत पड़ती है, तो वीडियो फुटेज आसानी से उपलब्ध होनी चाहिए।
बच्चों को पहले ही बता दिया जाएगा- "आप कैमरे की नजर में हैं!"
CBSE की इस पॉलिसी में यह भी कहा गया है कि स्कूल परिसर में जगह-जगह यह साइनेज (Signage) लगाना होगा कि "आप सीसीटीवी की निगरानी में हैं।" इसके अलावा, छात्रों को स्कूल की हैंडबुक, नोटिस बोर्ड और ओरिएंटेशन प्रोग्राम के जरिए भी यह जानकारी दी जाएगी कि उनकी परीक्षा पूरी तरह से कैमरे की निगरानी में हो रही है।
इस साल से होंगे 2 बोर्ड एग्जाम, पहली परीक्षा अनिवार्य
आपको बता दें कि CBSE ने वर्तमान शैक्षणिक सत्र से छात्रों के लिए कई और बड़े बदलाव भी किए हैं। इस साल से छात्रों को साल में दो बार बोर्ड परीक्षा देने का मौका मिलेगा। इनमें से जो पहली परीक्षा होगी, वह सभी छात्रों के लिए अनिवार्य होगी।
CBSE ने 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 की तारीखों का भी ऐलान कर दिया है। दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं 17 फरवरी, 2026 से शुरू होंगी। इस साल, देश और विदेश (26 देशों) को मिलाकर लगभग 45 लाख छात्र इन परीक्षाओं में शामिल होंगे, और यह सभी छात्र अब कड़ी सीसीटीवी निगरानी में अपनी परीक्षा देंगे।