ग्रहों का बड़ा फेरबदल: बुध हुए अस्त, 23 नवंबर तक इन 6 राशियों को रहना होगा सावधान!
ज्योतिष में बुध को बुद्धि, बातचीत, व्यापार और यात्रा का ग्रह माना जाता है। जब भी बुध ग्रह अस्त होता है, यानी सूरज के करीब आने की वजह से उसकी शक्ति कम हो जाती है, तो इसका सीधा असर इन सभी क्षेत्रों पर पड़ता है। अगर आपकी कुंडली में बुध मज़बूत है तो शायद आपको ज़्यादा फर्क न पड़े, लेकिन अगर बुध कमज़ोर है तो परेशानियाँ बढ़ सकती हैं।
ग्रहों के राजकुमार कहे जाने वाले बुध अब वृश्चिक राशि में अस्त हो गए हैं। यह मंगल की राशि है और बड़ी बात यह है कि मंगल खुद भी इसी राशि में पहले से अस्त चल रहे हैं। वृश्चिक राशि में मंगल और बुध का एक साथ होना वैसे तो बहुत शक्तिशाली योग है, लेकिन दोनों के अस्त होने की वजह से इनका प्रभाव कमज़ोर पड़ गया है। इन दोनों ग्रहों के कमज़ोर होने से 6 राशियों के जीवन में मुश्किलें आ सकती हैं। आइए जानते हैं कौन सी हैं वो राशियाँ और कब तक उन्हें संभलकर रहना होगा?
23 नवंबर तक का समय है मुश्किल
बुध ग्रह 14 नवंबर की देर रात 3 बजकर 1 मिनट पर मंगल की राशि वृश्चिक में अस्त हुए हैं, जहाँ मंगल पहले से ही मौजूद हैं। यह स्थिति 23 नवंबर तक बनी रहेगी, जिसके बाद बुध तुला राशि में चले जाएँगे और इन राशियों की मुश्किलें भी धीरे-धीरे कम होने लगेंगी।
इन 6 राशियों पर पड़ेगा सबसे ज़्यादा असर
मेष राशि: बुध आपकी राशि के आठवें घर में अस्त हुए हैं। इस वजह से अच्छे मौके हाथ आते-आते फिसल सकते हैं। अगर आप कोई व्यापार करते हैं तो काम में छोटी सी लापरवाही भी बड़ा आर्थिक नुकसान करवा सकती है।
वृषभ राशि: आपके लिए बुध और मंगल का अस्त होना मिला-जुला असर लाएगा। 23 नवंबर तक दोस्तों की वजह से कोई परेशानी खड़ी हो सकती है या आपका कोई बनता हुआ काम अटक सकता है। पारिवारिक जीवन में जीवनसाथी के साथ रिश्ते में तनाव आ सकता है।
मिथुन राशि: ग्रहों की इस चाल की वजह से मिथुन राशि वालों को परिवार में समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। काम का ज़्यादा बोझ आपकी मानसिक शांति भंग कर सकता है। बहुत ज़्यादा थकावट के कारण सेहत भी बिगड़ सकती है। 23 नवंबर तक पैसों के मामले में बहुत सोच-समझकर फैसला लें।
सिंह राशि: बुध और मंगल के अस्त होने से सिंह राशि वालों को अपनी माँ की सेहत को लेकर चिंता हो सकती है या उनके साथ रिश्ते में कुछ खटास आ सकती है। इस दौरान आपको किसी ऐसी यात्रा पर जाना पड़ सकता है, जिस पर जाने का आपका बिल्कुल मन न हो।
वृश्चिक राशि: आपकी ही राशि में बुध और मंगल दोनों अस्त हुए हैं, जो सेहत के लिहाज़ से बिलकुल भी अच्छा नहीं है। इस दौरान आप ऑफिस की राजनीति का शिकार हो सकते हैं या किसी बेवजह के झगड़े में फँस सकते हैं, जिससे आपकी छवि खराब हो सकती है। व्यापारियों के लिए भी यह समय कोई नई डील करने के लिए अच्छा नहीं है।
कुंभ राशि: बुध और मंगल के एक साथ अस्त होने से कुंभ राशि वालों को अपनी पर्सनल और प्रोफेशनल, दोनों ज़िंदगियों में मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है। करियर के लिहाज़ से भी यह समय बहुत अच्छा नहीं कहा जा सकता। बच्चों की सेहत आपकी चिंता का कारण बन सकती है।
--Advertisement--