Arijit Singh Retirement Rumors : अरिजीत सिंह ने क्यों कहा अब नहीं गाएंगे गाना? सोशल मीडिया पर मचा हड़कंप, जानें क्या है सच
News India Live, Digital Desk : अपनी मखमली आवाज से करोड़ों दिलों पर राज करने वाले सिंगर अरिजीत सिंह के एक सोशल मीडिया पोस्ट ने मनोरंजन जगत में खलबली मचा दी है। मंगलवार रात अरिजीत ने इंस्टाग्राम पर एक ऐसा नोट साझा किया, जिसे पढ़कर उनके प्रशंसक सकते में आ गए। सिंगर ने जानकारी दी कि वह बतौर प्लेबैक वोकलिस्ट अब और नए असाइनमेंट्स नहीं लेंगे। इस खबर के सामने आते ही सोशल मीडिया पर कयासों का दौर शुरू हो गया कि क्या अरिजीत सिंह हमेशा के लिए संगीत की दुनिया को अलविदा कह रहे हैं?
आखिर क्यों अरिजीत सिंह ने लिया 'ब्रेक'?
अरिजीत के इस ऐलान के बाद उनके करीबी सूत्रों ने 'सन्यास' की खबरों पर विराम लगाते हुए असली वजह का खुलासा किया है। एचटी सिटी की रिपोर्ट के अनुसार, अरिजीत सिंह संगीत से रिटायर नहीं हो रहे हैं, बल्कि वह अपने एक पुराने जुनून को पूरा करने के लिए ब्रेक ले रहे हैं। दरअसल, अरिजीत अब बतौर निर्देशक (Director) अपनी पहली फिल्म की तैयारी में जुटने वाले हैं। वह लंबे समय से फिल्म निर्माण को लेकर उत्साहित थे और अब अपनी इस नई जिम्मेदारी को पूरा करने के लिए उन्होंने करीब एक साल का ब्रेक लेने का फैसला किया है।
नवाजुद्दीन की बेटी और अरिजीत का बेटा आएंगे साथ?
बता दें कि अरिजीत सिंह की इस डेब्यू फिल्म की घोषणा जुलाई 2025 में ही की गई थी। हालांकि फिल्म का टाइटल अभी तय नहीं हुआ है, लेकिन इसकी कहानी खुद अरिजीत और उनकी पत्नी कोयल सिंह ने लिखी है। रिपोर्ट्स की मानें तो इस फिल्म में नवाजुद्दीन सिद्दीकी की बेटी शोरा और अरिजीत सिंह का बेटा मुख्य भूमिका में नजर आ सकते हैं। इसी महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट को समय देने के लिए अरिजीत ने नए गाने रिकॉर्ड करने से मना किया है।
"म्यूजिक बनाना बंद नहीं करूंगा" - अरिजीत ने दी सफाई
अरिजीत ने अपने पोस्ट में लिखा था, "मुझे बताते हुए खुशी हो रही है कि अब से मैं प्लेबैक वोकलिस्ट के तौर पर कोई नया असाइनमेंट नहीं लूंगा। यह एक शानदार सफर रहा।" उनके इस पोस्ट पर जब फैन्स भावुक होने लगे और सवालों की झड़ी लगा दी, तब अरिजीत ने ट्वीट कर स्पष्ट किया कि वह पूरी तरह गायब नहीं हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह म्यूजिक बनाना बंद नहीं करेंगे। उनके पास कुछ पुराने पेंडिंग प्रोजेक्ट्स हैं जिन्हें वह पूरा करेंगे, लेकिन फिलहाल नई फिल्मों के लिए अपनी आवाज नहीं देंगे।
फैन्स की बढ़ी धड़कनें
अरिजीत के इस फैसले पर संगीत जगत के सितारों और उनके फैन्स की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं मिल रही हैं। जहां कुछ लोग उनके निर्देशक बनने के फैसले का स्वागत कर रहे हैं, वहीं ज्यादातर फैन्स इस बात से उदास हैं कि आने वाले एक साल तक उन्हें अरिजीत की आवाज में नए 'सैड सॉन्ग्स' या 'रोमांटिक ट्रैक' सुनने को नहीं मिलेंगे।