Ardha Halasana: कब्ज से लेकर बीपी तक की समस्याओं का रामबाण इलाज है अर्ध हलासन, आयुष मंत्रालय ने बताए इसके फायदे
Ardha Halasana Benefits: आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी में हर किसी के पास समय की कमी है। लोग सुबह से शाम तक जल्दी में रहते हैं, जिसके कारण शरीर का ध्यान भी नहीं रख पाते। दिन में जंक फूड खाना और देर रात तक जागना, इस तरह की खराब जीवनशैली के कारण कम उम्र में ही शरीर थका हुआ और बीमार होने लगता है। ऐसे में पेट खराब होना, कब्ज, कमर दर्द, ब्लड प्रेशर जैसी समस्याएं आम हो गई हैं। इन समस्याओं से छुटकारा पाने के लिए लोग दवा का सहारा भी लेते हैं। लेकिन दवा लेने से ये समस्याएं कुछ समय के लिए ही ठीक होती हैं। जैसे ही दवा का असर खत्म होता है, समस्या फिर से शुरू हो जाती है। ऐसे में जरूरी है कि ऐसी समस्याओं का सरल और सुरक्षित समाधान खोजा जाए।
आयुष मंत्रालय ने हाल ही में अपने इंस्टाग्राम पेज पर एक पोस्ट शेयर कर अर्ध हलासन के बारे में जानकारी दी है। इंस्टाग्राम पोस्ट में तस्वीरों के जरिए अर्ध हलासन करने का तरीका भी दिखाया गया है और अर्ध हलासन करने के फायदों के बारे में भी विस्तार से बताया गया है।
कब्ज का स्थायी इलाज
आयुष मंत्रालय के अनुसार, अर्ध हलासन कब्ज की समस्या को दूर करने में कारगर है। इस आसन को करने से शरीर ऐसी अवस्था में आ जाता है कि पेट के निचले हिस्से पर हल्का दबाव बनता है। जिससे आंतें सक्रिय हो जाती हैं और पाचन क्रिया तेज़ हो जाती है। परिणामस्वरूप, पेट में फंसा मल आसानी से बाहर निकल आता है। नियमित रूप से अर्ध हलासन करने से पेट साफ़ होने लगता है।
उच्च रक्तचाप नियंत्रण में रहेगा।
इसके अलावा, अर्धहलासन उच्च रक्तचाप को नियंत्रित करने में भी मदद कर सकता है। जिन लोगों को रक्तचाप की गंभीर समस्या है, उन्हें यह आसन किसी योग विशेषज्ञ की देखरेख में ही करना चाहिए। इस आसन को करने से रक्त प्रवाह संतुलित रहता है और हृदय की धड़कन भी शांत होती है। अर्धहलासन करने से मानसिक तनाव भी कम होता है।
पेट की मांसपेशियां मजबूत हो जाएंगी।
आयुष मंत्रालय के अनुसार, अर्ध हलासन पेट की मांसपेशियों को मज़बूत बनाता है। जब पैरों को धीरे-धीरे ऊपर उठाया जाता है, तो पेट की मांसपेशियों में खिंचाव आता है। यह खिंचाव मांसपेशियों को मज़बूत बनाता है। जो लोग पेट की अतिरिक्त चर्बी कम करना चाहते हैं, उनके लिए अर्ध हलासन एक कारगर उपाय है।
अर्ध हलासन किसे नहीं करना चाहिए?
वैसे तो इस आसन को करने के कई फायदे हैं, लेकिन इसे करते समय कुछ बातों का ध्यान रखना ज़रूरी है। आयुष मंत्रालय ने एहतियात के तौर पर कहा है कि अगर किसी व्यक्ति को कमर दर्द हो, पेट में गंभीर चोट लगी हो या हर्निया की समस्या हो, तो उसे यह आसन नहीं करना चाहिए। सामान्य परिस्थितियों में भी इस आसन को करने से पहले किसी विशेषज्ञ से सलाह लेना ज़रूरी है।