युवाओं को पढ़ाई के साथ खेल में भी रुचि बढ़ाने की जरूरत : प्रदीप शेखावत

रांची, 13 अप्रैल (हि. स.)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप ) के रांची महानगर की ओर से खेलो भारत के तहत श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय के वॉलीबॉल ग्राउंड में कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। डॉ भीमराव अंबेडकर के जयंती के उपलक्ष्य पर कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, इसमें कुल 11 टीमों ने हिस्सा लिया। इसमें मुख्य रूप से खेलो भारत गतिविधि के राष्ट्रीय प्रमुख प्रदीप शेखावत, खेलो भारत के राष्ट्रीय संयोजक पल्लवी गाड़ी, खेलो भारत झारखंड प्रांत के संयोजक गौरव राय, मंत्री ऋतुराज , रांची महानगर खेलो भारत संयोजक मुकुल ने कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।

मौके पर खेलो भारत गतिविधि के राष्ट्रीय प्रमुख प्रदीप शेखावत ने कहा कि एबीवीपी विश्वविद्यालय में शिक्षा के साथ-साथ छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए खेलो भारत के तहत खेल से जोड़कर उनके सर्वांगीण विकास करने का प्रयास करता है। छात्रों की मानसिक और शारीरिक फुर्ती बनाए रखने के लिए सभी को खेल से जुड़ना युवा पीढ़ी के लिए अति आवश्यक है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में ज्यादातर युवा मोबाइल गेम खेलने में व्यस्त है, युवाओं को मैदान में जाकर खेलना चाहिए । साथ ही उन्हें खेलने में ज्यादा रुचि लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि परिषद अपने आयाम खेलो भारत के माध्यम से छात्रों में खेल के प्रति जागरूकता और उत्साह भरने का काम कर रही है। समय-समय पर कई सारे खेल गतिविधियों का प्रतियोगिता करा कर छात्रों को खेल के प्रति रुचि बढ़ाने का कार्य किया जाता है।

एबीवीपी की राष्ट्रीय खेल संयोजिका पल्लवी गाड़ी ने कहा की परिषद के खेलो भारत आयाम के माध्यम से विश्वविद्यालय और समाज में ऐसे छात्र-छात्राओं को आगे लाना है जो अपने कला एवं खेल में निपुण है। उन्होंने कहा कि आज का युवा वर्ग अगर खेल से जुड़कर रहता है तो वह विभिन्न प्रकार की समस्याओं से छूट सकता है, आज समाज में ऐसे भी युवा हैं, जो कहीं ना कहीं नशा के शिकार हो रहे हैं, उन्हें भी खेल से जोड़कर उनके आत्मशक्ति को बढ़ाकर उन्हें फिर से योग्य बनना ही हमारा मकसद है। साथ ही ऐसे युवा जो अपना करियर खेल के माध्यम से बनाना चाहते हैं उन्हें सही दिशा निर्देश देखकर उन्हें आगे बढ़ाना है। इस तकनीकी युग में युवा वर्ग फिजिकल वर्क से दूर जा रहा है। बच्चे मैदान में कम और मोबाइल में ज्यादा व्यस्त रह रहे हैं, इसके कारण मानसिक तनाव और डिप्रेशन का शिकार हो रहे हैं। उन्हें खेल से जोड़कर हमारे आने वाली पीढ़ियों को बचाना ही हमारा लक्ष्य होना चाहिए।

कबड्डी प्रतियोगिता में रांची जिला बॉयज और रांची जिला गर्ल टीम विजयी हुआ। विद्यार्थी परिषद के प्रांत प्रमुख पंकज कुमार और श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय के कुलपति डॉक्टर तपन कुमार शांडिल्य ने मेडल और मोमेंटो देकर उन्हें सम्मानित किया।