होटल में युवक ने प्रेमिका को मारी गोली, फिर कर ली खुदकुशी

कोलकाता, 03 जुलाई (हि.स.)। कोलकाता के लेक गार्डन स्थित एक गेस्ट हाउस में एक युवक ने अपनी प्रेमिका को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। उसने खुद को सिर में गोली मार ली। उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया जबकि युवती गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है। घटना न्यू मेट्रो नामक गेस्ट हाउस की है। दोनों की उम्र 25 से 30 साल के बीच है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, वे दक्षिण 24 परगना के बजबज के रहने वाले हैं। घटना बुधवार शाम करीब 4:50 बजे की है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, बुधवार दोपहर करीब दो बजे दंपति गेस्ट हाउस में दाखिल हुए। वे वहां चार मंजिल के कमरा नंबर 301 में थे। शाम करीब 4:50 बजे गेस्ट हाउस के केयरटेकर ने गोली चलने की आवाज सुनी। कुछ देर बाद युवती रिसेप्शन पर आई। उन्होंने बताया कि युवक ने उनके पेट में गोली मार दी है। उसे अस्पताल ले जाया गया। इसके बाद उस कमरे से एक और गोली चलने की आवाज सुनाई दी। गेस्ट हाउस के अधिकारी वहां गए और देखा कि युवक ने अपने सिर में गोली मारकर आत्महत्या कर ली है। गेस्ट हाउस अधिकारियों ने पुलिस को सूचना दी।

प्रारंभिक रूप से मानना है कि युवक ने पहले युवती पर गोली मारी। इसके बाद युवक ने उस असलहे से खुद के सिर में गोली मार ली है। लड़की का जादवपुर के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना की जांच जारी है। पुलिस के मुताबिक, मृत युवक का नाम राकेश कुमार शाह है।