यमुनानगर: जनता को खुद विश्वास है मोदी बनेंगे तीसरी बार प्रधानमंत्री: कंवर पाल

यमुनानगर, 17 अप्रैल (हि.स.)। कृषि मंत्री कंवरपाल गुर्जर व अंबाला लोकसभा से भाजपा प्रत्याशी बंतो कटारिया ने बुधवार को जगाधरी विधानसभा क्षेत्र के 15 गांवों में जनसंपर्क किया। गांव अरनौली,फेरूवाला, शेरपुर मोड़,डमौली,हडौली,लेदी,कोट, ताहरपुर कलां,डारपुर,चाहडो, सलेमपुर बांगर,मामली, मीरपुर,जटहेडी, रायपुर आदि गांवों में जनसंपर्क करते हुए कहा कि हरियाणा की वर्तमान भाजपा सरकार किसानों की फसलों को न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद कर रही है और खरीद का भुगतान सीधे किसान के खाते में जा रहा है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान भाजपा सरकार ने हर वर्ग के विकास के लिए कार्य किया है। उन्होंने कांग्रेस को आडे हाथों लेते हुए कहा कि कांग्रेस ने जेल में बंद मुख्यमंत्री केजरीवाल की पार्टी से समझौता करके दिखा दिया है कि कांग्रेस पार्टी भ्रष्टाचारियों के साथ है। देश की जनता लोकसभा चुनावों में कांग्रेस व विपक्षी राजनीतिक पार्टियों को जोरदार सबक सिखाएगी। उन्होंने कहा कि अंबाला लोकसभा से भाजपा उम्मीदवार बंतो कटारिया को जितवाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अबकी बार 400 पार के नारे को सार्थक करना है।

वहीं भाजपा उम्मीदवार बंतो कटारिया ने लोगों को कहा कि आज भगवान श्रीराम का पावन त्यौहार रामनवमी भी है। आज वह प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री नायब सैनी की राम-राम का संदेश सबके लिए लेकर आई है। उन्होंने कहा कि वह क्षेत्र की जनता का आशीर्वाद व सहयोग लेने के लिए उनके बीच आई है। उन्होंने कहा कि पूरे विश्व में आज भारत का डंका बज रहा है। प्रधानमंत्री मोदी लगातार तीसरी बार भारत देश के प्रधानमंत्री बनेंगे और देश के लोगों की उम्मीदों को पूरा करेंगे। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल रहें।