यमुनानगर: नवीन जिंदल भाजपा के मजबूर उम्मीदवार: सुशील गुप्ता

यमुनानगर, 12 अप्रैल (हि.स.)। आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और इंडिया गठबंधन के तहत कुरुक्षेत्र लोकसभा से प्रत्याशी डॉ. सुशील गुप्ता ने शुक्रवार को कुरुक्षेत्र लोकसभा के रादौर के गांवों का दौरा किया। उनके साथ कांग्रेस विधायक बिशनलाल सैनी भी मौजूद रहे। डाक्टर सुशील गुप्ता ने गांव सडूरा, बापा, गिलौर, अडतान, अंटावा, भागुमाजरा, मसाना जट्टान, साहबपुर, घड़ी गुजरान, जीवरहेडी और सुडल में लोगों को संबोधित किया।

डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि देश की आजादी के बाद अनेकों सरकार आई और पार्टियां आई। किसी न कम काम किया तो किसी ने ज्यादा काम किया। लेकिन पहली बार देश में अलग तरह से चुनाव हो रहा है। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि एक सिटिंग मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल को गिरफ्तार किया है। जिस झूठे केस में अरविन्द केजरीवाल को गिरफ्तार किया उसमें पिछले दो साल से डेढ़ हजार अफसर जांच कर रहे हैं और हजारों बार रेड कर चुके हैं लेकिन आज तक 25 पैसे बरामद नहीं हुए। इन्होंने केजरीवाल को कहा कि गठबंधन तोड़ दो और भाजपा में शामिल हो जाओ तो सभी केस खत्म हो जाएंगे। लेकिन अरविन्द केजरीवाल ने कहा तुम मेरे शरीर को गिरफ्तार कर सकते हो मेरी सोच को नहीं। भाजपा ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को भी गिरफ्तार कर लिया ताकि वो चुनाव प्रचार न कर सके।

उन्होंने कहा कि नवीन जिंदल को भाजपा ईडी और सीबीआई का डर दिखाकर चुनाव में लाई है। पिछले 10 साल से नवीन जिंदल कुरुक्षेत्र की जनता के किसी भी दुख सुख में शामिल नहीं हुए। नवीन जिंदल मजबूर उम्मीदवार है, जो अपनी आवाज नहीं उठा सकता वो जनता की आवाज कैसे उठाएगा। उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र में भी अयोध्या जैसा बड़ा तीर्थ स्थल बन सकता है। उन्होंने कहा कि मैं कुरुक्षेत्र की जनता को विश्वास दिलाता हूं कि नायब और नवीन जिंदल की तरह गायब नहीं रहूंगा।