यमुनानगर: निगम ने चलाया भांग के पौधे उखाड़ने का अभियान

यमुनानगर, 27 मई (हि.स.)। पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के आदेशों पर नगर निगम यमुनानगर-जगाधरी ने शहर से भांग के पौधों को उखाड़ने का अभियान सोमवार से शुरू कर दिया। निगम क्षेत्र को भांग के पौधों से मुक्त बनाने के लिए उप निगम आयुक्त डॉ. विजय पाल यादव ने निगम अधिकारियों की बैठक ली।

उप निगम आयुक्त डॉ.विजय पाल यादव ने बताया कि भांग के पौधों को उखाड़ कर उसे नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की निगरानी में नष्ट करने के लिए टीमों का गठन किया गया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निगम क्षेत्र में जहां-जहां भांग के पौधे उगे है, उन्हें चिन्हित कर उखाड़ा जाए। उन्होंने बताया कि निगम की टीमों ने वार्ड नंबर आठ व नौ के विभिन्न क्षेत्रों से भांग को उखाड़कर निगम के वाहनों में भर कर नष्ट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी।

उन्होंने अधिकारियों को नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो द्वारा जारी औषधि कानून प्रवर्तन क्षेत्र अधिकारियों की पुस्तिका में उल्लेखित मानदंडों को लागू करते हुए भांग को नष्ट करने के निर्देश दिए।

उन्होंने बताया कि पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय ने अपने आदेश में नगर निगम क्षेत्र में विभिन्न खुले स्थानों, सड़कों, खाली भूखंडों, प्लाटों, सड़क किनारों व अन्य स्थानों पर उगे सभी भांग के पौधों को हटाने और नष्ट करने का निर्देश जारी किए है। जिसके बाद उन्होंने सफाई शाखा व अभियंता शाखा की संयुक्त टीमें गठित कर निगम क्षेत्र से भांग के पौधों को उखाड़ने का कार्य शुरू कर दिया है। भांग उखाड़ने के बाद इसे एक स्थान पर एकत्रित कर नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के अधिकारियों की निगरानी में नष्ट किया जाएगा। जब तक नगर निगम क्षेत्र के कोने- कोने से भांग को उखाड़कर नष्ट नहीं किया जाता, जब तक उनका यह अभियान जारी रहेगा।