वर्ली हिट एंड रन मामलाः मुख्य आरोपित मिहिर राजेश शाह गिरफ्तार

मुंबई, 09 जुलाई (हि. स.)। मुंबई के वर्ली इलाके में रविवार सुबह हुए हिट एंड रन मामले के मुख्य आरोपित मिहिर राजेश शाह (24) को पुलिस ने शाहपुर से गिरफ्तार कर लिया है। मुंबई पुलिस की टीम ने आरोपित की मां और बहन को शाहपुर से हिरासत में लिया है। तीनों को पुलिस मुंबई लाकर पूछताछ कर रही है।

जानकारी के अनुसार मिहिर राजेश शाह पर वर्ली में नशे की हालत में कार चलाते हुए दुपहिया वाहन को टक्कर मारने का आरोप है। इस घटना में एक महिला कावेरी नाखवा की मौत हो गई थी और प्रदीप नाखवा घायल हो गए थे। इस घटना के बाद मिहिर फरार हो गया था और पुलिस ने उसके विरुद्ध लुक आउट सर्कुलर जारी किया था। जानकारी मिली थी कि मिहिर बोरीवली से अपनी मां और बहन के साथ घर बंद कर अज्ञात जगह पर चला गया था। पुलिस को गोपनीय जानकारी मिली कि मिहिर शाहपुर में छिपा है। पुलिस ने मंगलवार को आरोपित को शाहपुर से गिरफ्तार कर लिया है।

इस मामले में मुंबई पुलिस ने मिहिर शाह के पिता राजेश शाह को गिरफ्तार किया था। लेकिन राजेश शाह को जमानत मिल चुकी है। राजेश शाह मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की शिवसेना में उपनेता हैं। मुंबई पुलिस अब तक 18 लोगों से पूछताछ कर चुकी है। मामले की छानबीन जारी है।