US-Iran War: 'अमेरिकी चुनाव के तुरंत बाद खत्म हो जाएगा युद्ध', ट्रंप का बड़ा दावा; कहा- ज्यादा दिन नहीं टिक पाएगा ईरान, तेल की कीमतों पर भी दिया बयान

US-Iran War: 'अमेरिकी चुनाव के तुरंत बाद खत्म हो जाएगा युद्ध', ट्रंप का बड़ा दावा; कहा- ज्यादा दिन नहीं टिक पाएगा ईरान, तेल की कीमतों पर भी दिया बयान

पश्चिम एशिया में गहराते सैन्य तनाव और होर्मुज जलडमरूमध्य में जारी हमलों के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बड़ा राजनीतिक व रणनीतिक बयान दिया है। टेक्सास के डलास में आयोजित रिपब्लिकन मिडटर्म सम्मेलन में भाग लेने के लिए जॉइंट बेस एंड्रयूज से रवाना होने से पहले पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने भविष्यवाणी की कि ईरान के खिलाफ चल रहा युद्ध नवंबर में होने वाले अमेरिकी मध्यावधि (मिडटर्म) चुनावों के तुरंत बाद पूरी तरह समाप्त हो जाएगा। ट्रंप ने कहा, "मुझे लगता है कि चुनाव के तुरंत बाद यह युद्ध खत्म हो जाएगा क्योंकि वे (ईरान) अब ज्यादा देर तक टिक नहीं सकते।"

'ईरान अमेरिकी चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश में जुटा': ट्रंप का आरोप

ट्रंप ने आरोप लगाया कि तेहरान जानबूझकर इस टकराव को लंबा खींच रहा है ताकि अमेरिकी मतदाताओं को प्रभावित किया जा सके। उनके अनुसार, ईरान यह उम्मीद कर रहा है कि नवंबर चुनावों के जरिए वाशिंगटन की सत्ता में ऐसे 'कमजोर' लोग आ जाएं जो उस पर लगे प्रतिबंधों में ढील दें और उसे परमाणु हथियार विकसित करने का मौका मिल जाए। ट्रंप ने जोर देकर कहा कि ईरान की पूरी रणनीति केवल परमाणु क्षमता हासिल करने के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसे अमेरिका किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगा। जब उनसे पूछा गया कि क्या अमेरिका तुरंत कूटनीतिक बातचीत शुरू करेगा, तो उन्होंने स्पष्ट किया कि वाशिंगटन किसी जल्दबाजी में नहीं है क्योंकि हालिया सैन्य और आर्थिक प्रहारों से ईरान की स्थिति काफी कमजोर हो चुकी है।

तेल की कीमतों और रिपब्लिकन पार्टी की चुनावी चिंता

ईरान संकट के चलते अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड के 100 डॉलर प्रति बैरल के पार निकलने और अमेरिका में पेट्रोल की कीमतों में उछाल के सवाल पर भी ट्रंप ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि युद्ध खत्म होते ही ईंधन की कीमतें तेजी से नीचे आ जाएंगी। उल्लेखनीय है कि सातवें महीने में प्रवेश कर चुके इस सैन्य संघर्ष और बढ़ती महंगाई को लेकर अमेरिकी मतदाताओं में असंतोष देखा जा रहा है, जिससे 3 नवंबर को होने वाले मिडटर्म चुनावों में रिपब्लिकन पार्टी के सामने राजनीतिक चुनौतियां खड़ी हो गई हैं। हालांकि, ट्रंप ने भरोसा जताया कि यह स्थिति जल्द सामान्य होगी।