अमेरिका में रोंगटे खड़े कर देने वाला विमान हादसा, आसमान में टकराए दो फाइटर जेट
अमेरिका के आयडहो राज्य से एक बेहद खौफनाक और रोंगटे खड़े कर देने वाले विमान हादसे की खबर सामने आई है। यहां एक एयर शो के दौरान आसमान में हैरतअंगेज करतब दिखा रहे अमेरिकी नौसेना के दो लड़ाकू विमान अचानक आपस में टकरा गए। ये हादसा इतना भयानक था कि देखने वालों की सांसें अटक गईं। हालांकि गनीमत यह रही कि एक बहुत बड़ी जनहानि होने से टल गई और दोनों विमानों के पायलट चमत्कारिक रूप से सुरक्षित बच गए।
आसमान में कैसे हुआ ये भयानक हादसा
जानकारी के मुताबिक, रविवार को आयडहो के माउंटेन होम एयरफोर्स बेस के पास 'गनफाइटर स्काइज एयर शो' का आयोजन किया जा रहा था। इसी दौरान अमेरिकी नौसेना के दो EA-18G ग्रोवलर (Growler) फाइटर जेट अपनी फॉर्मेशन में उड़ते हुए करतब दिखा रहे थे। तभी अचानक हवा में दोनों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर लगते ही विमान आउट ऑफ कंट्रोल हो गए और तेजी से जमीन की तरफ गिरने लगे। जमीन से टकराते ही दोनों विमानों में एक बहुत बड़ा धमाका हुआ और आसमान में काले धुएं का गुबार छा गया। इस पूरी घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर कोई भी सिहर सकता है।
पायलटों की सूझबूझ से बची चार जिंदगियां
इस पूरे हादसे में सबसे बड़ी राहत की बात ये रही कि विमान के जमीन पर गिरने और आग के गोले में तब्दील होने से पहले ही पायलटों ने अपनी जान बचा ली। रिपोर्ट्स के अनुसार, इन दोनों विमानों में कुल चार क्रू मेंबर्स सवार थे। जैसे ही हवा में टक्कर हुई, पायलटों ने बिना अपना हौसला खोए तुरंत अपनी सूझबूझ का इस्तेमाल किया और विमान के क्रैश होने से महज कुछ ही सेकंड पहले खुद को 'इजेक्ट' (विमान से बाहर निकलना) कर लिया। चारों क्रू मेंबर्स पैराशूट की मदद से सुरक्षित जमीन पर उतर आए, जिससे एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया।
पूरे एयरबेस पर लगा लॉकडाउन, एयर शो रद्द
हादसा होते ही वहां मौजूद इमरजेंसी और रेस्क्यू टीमों को माउंटेन होम एयरफोर्स बेस से लगभग दो मील दूर दुर्घटनास्थल की तरफ फौरन रवाना कर दिया गया। सुरक्षा और हालात की गंभीरता को देखते हुए आयोजकों ने गनफाइटर स्काइज एयर शो को तुरंत प्रभाव से रद्द कर दिया। इसके साथ ही पूरे एयरबेस को लॉकडाउन कर दिया गया है। मौके पर पहुंची टीमें इलाके को सुरक्षित करने और शुरुआती जांच में जुटी हुई हैं। बताया जा रहा है कि क्रैश हुए दोनों विमान नेवल एयर स्टेशन व्हिडबे आइलैंड के थे। फिलहाल अमेरिकी नौसेना और वायु सेना ने इस टक्कर की गहराई से जांच के आदेश दे दिए हैं ताकि हादसे की असल वजह का पता लगाया जा सके।