व्यक्तिगत विकास और टीम बिल्डिंग विषय पर कार्यशाला आयोजित

5c5e7ae3e08418c4ff8c29e622d108d6

रांची, 07 अक्टूबर( हि.स.)। झारखंड सरकार और रांची जिला प्रशासन के सहयोग से सोमवार को सोनाहातू प्रखंड सभागार में पीरामल फाउंडेशन की ओर से एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। व्यक्तिगत विकास और टीम बिल्डिंग विषयक इस कार्यशाला में तीन प्रखंडों के पदाधिकारी शामिल हुए।

पीरामल फाउंडेशन विगत वर्ष से रांची जिले में जलवायु परिवर्तन पर जल और पर्यावरण संरक्षण के लिए ‘डीप डाइव इनिशिएटिव’ पर कार्य कर रही है। इसी के तहत झारखंड सरकार और रांची जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में सोनाहातु, तमाड़ एवं राहे प्रखंड के पीएचडी, कृषि विभाग, ग्रामीण विकास विभाग तथा पंचायती राज विभाग के पदाधिकारियों के लिए व्यक्तिगत विकास के लिए एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का शुरुआत सभी पदाधिकारियों का स्वागत एवं चेतना गीत कर किया गया।

इस कार्यशाला का उद्देश्य मनोरंजक एक्टिविटी और खेल के माध्यम से व्यक्तिगत विकास, टीम भावना, सहयोग एवं समानुभूति की भावना तथा प्रतिदिन कार्यक्षेत्र में आने वाली समस्याओं, कारणों एवं उनके समाधानों का विकास करना है। इसके तहत सभी ने एक-दूसरे के विषय में उनके निपुणता, उनकी समस्याएं, कार्य करने में उत्साह या निराशा कब आती है आदि सवालों को एक दूसरे के बीच साझा किए। सभी प्रतिभागियों ने टावर एक्टिविटी के माध्यम से टीम वर्क और टीम बिल्डिंग के महत्व को समझा। इसके बाद सभी ने अपने कार्यक्षेत्र में आने वाली समस्याएं, उनके कारण, और उनके समाधान को ट्री एक्टिविटी के माध्यम से लिख कर चर्चा की।

पदाधिकारियों ने अपना अनुभव साझा करते हुए बताया कि वह प्रतिदिन एक ही प्रकार का कार्य करके अरुचि पैदा हो जाती है। कार्यशाला में विभिन्न एक्टिविटी करके बहुत अच्छा लगा। खुद को समझने का तथा टीम वर्क की भावना का विकास हुआ।