हिसार : गांव में जांच करने गए भाटला चौकी इंचार्ज पर महिला ने किया हमला

हिसार, 9 अप्रैल (हि.स.)। हांसी क्षेत्र के गांव भाटला में मामले की छानबीन के लिए गए चौकी प्रभारी एएसआई रमेश पर गांव की ही एक महिला ने अचानक हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि एएसआई किसी मामले की जांच के संबंध में गली में पहुंचकर मौका देख रहा था कि अचानक महिला आकर उनसे हाथापाई करने लगी। वहां खड़े युवकों पर गाली गलौज करने काा आरोप है। मंगलवार को पुलिस कर्मचारी पर हमले की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।

बताया जा रहा है कि भाटला पुलिस चौकी में कार्यरत एएसआई महेन्द्र सिंह सोनू नाम के युवक की शिकायत पर जांच करने के लिए भाटला गांव गया था। उसके साथ एसपीओ अजमेर, होमगार्ड संदीप व अशोक और गाड़ी चालक ईएचसी वीरेंद्र भी थे। वे भाटला में घटनास्थल पर पहुंचे तो गली में एक महिला गुस्से मे भरकर उनको गालियां देते हुए आई। एएसआई महेंद्र के अनुसार महिला ने उनके साथ धक्का मुक्की शुरू कर दी। उनके साथ बदतमीजी करते हुए वर्दी फाड़ने की कोशिश की। उसके बाद महिला ने अपना कमीज फाड़ते हुए बदतमीजी की। उसके साथ गली में खड़ी 7-8 महिलाएं व लड़कों ने भी उनको गालियां दी। उनको धमकी देते हुए कहा कि आज तो यह पुलिस वाले बच गए, आइंदा गांव में यह पुलिस वाले नहीं घुसने चाहिए। वे उनकी वर्दी उतरवाने की धमकी भी देने लगे।

चौकी प्रभारी ने बताया कि मौके पर मौजूद महिलाओं व युवकों ने पुलिस कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी दी। साथ ही कहा कि वे महिला पुलिस कर्मचारियों की वीडियो बनाकर उसको वायरल कर देंगे। वहां पर खड़ी महिलाओं व लड़कों द्वारा उसके हाथों पर किसी नुकीली चीज से वार किया गया। उसके साथी कर्मचारी के साथ भी हाथापाई की गई। उसने बताया कि झगड़ा करने वाली महिला को अन्य महिलाएं केला नाम से पुकार रही थी। इस दौरान उसने और उसके साथी कर्मचारियों द्वारा बड़ी मुश्किल से अपना बचाव किया गया। उसके हाथों में लगी चोट के इलाज के लिए उसे हांसी के नागरिक अस्पताल में जाना पड़ा। एएसआई ने बताया कि भाटला निवासी महिला केला व सात-आठ अन्य महिलाओं व लड़कों द्वारा उसके व उसके कर्मचारियों के साथ धक्का मुक्की, चोटें मारी व सरकारी कार्य मे बाधा डाली है। सदर पुलिस ने केस दर्ज करके छानबीन आरंभ कर दी है।