सुरिन्दर चौधरी को उप मुख्यमंत्री और जम्मू के दो मंत्री बनाए जाने से जम्मूवासियों को उनके मसले हल होने की बंधी उम्मीद: हिंदुस्तान शिव सेना

A87ff679a2f3e71d9181a67b7542122c (4)

जम्मू, 18 अक्टूबर (हि.स.)। हिंदुस्तान शिव सेना के प्रदेश अध्यक्ष विक्रांत कपूर जम्मू व कश्मीर यूटी के पहले मुख्यमंत्री बनने पर उमर अब्दुल्ला और उनके नेतृत्व वाले मंत्रिमंडल को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि सुरिन्दर चौधरी को उप मुख्यमंत्री बनाए जाने और जम्मू संभाग के जावेद राणा और सतीश शर्मा को मंत्री बनाए जाने से जम्मूवासियों में खुशी की एक लहर दौड़ गई है और उनको उम्मीद बंधी है कि उनकी लम्बे समय से लंबित समस्याओं को अब हल किया जायेगा। इसके साथ ही उन्होंने उम्मीद जताई कि नई सरकार आम आदमी और प्रशासन के बीच की खाई को पाटने के लिए हरसंभव कदम उठायेगी।

हिंदुस्तान शिव सेना के प्रदेश अध्यक्ष विक्रांत कपूर ने जम्मू में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए यह बात कही। इसके साथ ही उन्होंने भाजपा के चुने गए 29 विधायकों को भी हिंदुस्तान शिव सेना की ओर से हार्दिक बधाई दी और उम्मीद जताई कि वह लोगों की समस्याओं को हल करने के लिए हरसंभव प्रयास करेगें।

विक्रांत कपूर ने उम्मीद जताई कि अब प्रदेश में एक निर्वाचित सरकार है जो लोगों के मसलों को हल करने को प्राथमिकता देगी। उन्होंने कहा कि इससे पहले ऐसा नहीं था क्योंकि वरिष्ठ नौकरशाहों को जमीनी हकीकत की जानकारी नहीं होने के कारण उनको लोगों की समस्याओं की कोई जानकारी नहीं थी और न ही आम आदमी की कोई सुनवाई होती थी। उन्होंने कहा कि अब एक निर्वाचित सरकार के गठन से लोग अपने निर्वाचित प्रतिनिधियों के पास समस्याओं को लेकर जा सकेगें जिनको जमीनी हकीकत के बारे में पूरी जानकारी होती है और वे प्रशासन के समक्ष उनके मुद्दों को उठाकर उनको हल करवाने का हरसंभव प्रयास करेगें।

उन्होंने कहा कि नौकरशाही के चलते आम लोगों और प्रशासन के बीच खाई इतनी बढ़ गई थी कि आम लोगों की कोई सुनवाई नहीं होती थी। इस खाई को पाटने के लिए लोगों के दरबार लगाकर उनकी समस्याओं को सुना जाना चाहिए और उनको हल किया जाना चाहिए। जबकि नौकरशाही के चलते आम लोगों की उन तक पहुंच नहीं थी। लोगों को राहत देने के लिए सिविल सचिवालय में भी उनकी पहुंच को आसान बनाने के लिए कदम उठाने जाने चाहिए।

संवाददाता सम्मेलन के दौरान हिन्दुस्तान शिव सेना के वरिष्ठ नेता बाबा राम कैथ, रोहन, अभिषेक, हिमांशु, अमित, महिला विंग नेता ज्योति देवी और अन्य भी उपस्थित थे।