विधवा माताओं ने खेली फूलों की होली, एक-दूसरे को दी बधाई

मथुरा, 14 मार्च(हि.स.)। वृन्दावन के परिक्रमा मार्ग स्थित मैत्री घर में विधवा माताओं ने फूलों की होली खेली और भक्ति के गीतों पर नाचते हुए एक दूसरे को बधाई भी दी।

मैत्री घर वृद्धा आश्रम में विधवा माताओं ने भी सभी परंपराओं को तोड़कर हर्षोल्लास के साथ फूलों की होली खेली। इस दौरान सभी के चेहरे खुशी से खिल उठे। गुरुवार को मैत्री घर वृद्धा आश्रम में विधवा माताओं ने सभी परंपराओं को तोड़कर एक दूसरे के साथ जमकर होली खेली। साथ ही भक्ति गीतों पर नाची।

106 वर्षीय रेणु माता ने बताया कि वे कई वर्षों से मैत्री घर में रह रही है। मुख्य रूप से पश्चिम बंगाल की रहने वाली हैं। पति के मरने के के बाद बेटों ने उन्हें निकाल दिया। वृन्दावन आने के बाद अब मैत्री घर ही उनका घर है।

मैत्री घर के संस्थापक अध्यक्ष रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल भूपेंद्र सिंह एवं समाज सेविका बिन्नी सिंह ने बताया कि वर्ष 2012 में प्रारंभ हुए मैत्री घर में पश्चिम बंगाल और अन्य राज्यों से आई महिलाएं रहती हैं। कार्यक्रम में मैत्री घर के व्यवस्थापक महेश सिंह, राधा कुंड वृद्ध आश्रम के व्यवस्थापक संतोष चतुर्वेदी, रेखा राय, शेर सिंह, गुड़िया, गौरी, राजरानी, मोनिका एवं सोनिया आदि उपस्थित थे।