होटल वाले 12 बजे ही क्यों मांगते हैं Check-Out? क्या आप भी इस नियम से परेशान हैं? जानिए असली वजह
News India Live, Digital Desk : जब भी हम कहीं घूमने जाते हैं और होटल बुक करते हैं, तो एक चीज़ अक्सर हमारा मूड खराब कर देती है। वो है होटल का चेक-इन (Check-in) और चेक-आउट (Check-out) का समय। आप चाहे सुबह 8 बजे पहुंचें या रात के 10 बजे, होटल वाला अक्सर आपसे यही कहता है "सर/मैडम, चेक-आउट का समय तो कल दोपहर 12 बजे ही रहेगा।"
कई बार हमें लगता है कि हमने तो पूरे पैसे दिए हैं, तो हमें कम समय क्यों मिल रहा है? क्या यह होटल वालों की मनमानी है? जवाब है नहीं। इसके पीछे एक बहुत ही व्यावहारिक कारण और लॉजिक (Logic) छिपा है। चलिए, आसान भाषा में समझते हैं।
सफाई का 'टाइम गैप' है सबसे बड़ी वजह
सोचिये, अगर आप एक कमरे में रुके हैं और आप दोपहर 2 बजे कमरा छोड़ते हैं। उसी समय रिसेप्शन पर एक नया गेस्ट खड़ा है जिसे वही कमरा चाहिए। क्या होटल वाला बिना चादर बदले और सफाई किये उसे चाबी दे सकता है? बिल्कुल नहीं।
दोपहर 12 बजे का चेक-आउट समय इसलिए रखा जाता है ताकि होटल स्टाफ (Housekeeping) को बीच में 2 से 3 घंटे का 'बफर टाइम' (Buffer Time) मिल सके। आमतौर पर चेक-इन का समय 1 बजे या 2 बजे रखा जाता है। 12 से 2 बजे के बीच में स्टाफ कमरे की डीप-क्लीनिंग करता है, चादरें बदलता है, टॉयलेट सैनिटाइज़ करता है और उसे अगले मेहमान के लिए चकाचक तैयार करता है।
दुनिया भर का 'स्टैंडर्ड टाइम'
यह नियम सिर्फ़ भारत में नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में चलता है। 12 बजे का समय दिन का बिलकुल बीच का हिस्सा होता है। यह एक ग्लोबल स्टैंडर्ड बन चुका है। इसका फायदा यह होता है कि अगर कोई लंदन से दिल्ली आ रहा है, या मुंबई से न्यूयॉर्क जा रहा है, तो फ्लाइट्स और ट्रैवल का शेड्यूल मैनेज करना आसान हो जाता है। सबको पता होता है कि होटल का 'दिन' 12 बजे बदलता है।
बिजनेस का गणित
होटल इंडस्ट्री एक बिजनेस भी है। वे चाहते हैं कि उनका कमरा खाली न रहे। 12 बजे का नियम उन्हें अपनी इन्वेंटरी (कमरों की उपलब्धता) को मैनेज करने में मदद करता है। अगर कोई नियम नहीं होगा, तो कोई सुबह 6 बजे जाएगा और कोई शाम को 6 बजे, जिससे पूरा सिस्टम गड़बड़ा जाएगा और नए आने वाले मेहमानों को घंटों लॉबी में इंतज़ार करना पड़ेगा।
क्या इसका कोई तोड़ है?
आजकल कई होटल्स फ्लेक्सिबल (Flexible) हो रहे हैं। अगर कमरा खाली है, तो वे आपको 'अर्ली चेक-इन' (Early Check-in) दे देते हैं या फिर 'लेट चेक-आउट' (Late Check-out) की सुविधा दे देते हैं, लेकिन इसके लिए आपको रिसेप्शन पर प्यार से बात करनी होगी या कभी-कभी एक्स्ट्रा चार्ज देना पड़ सकता है।