भारतीय जनता पार्टी (BJP) अपने नए राष्ट्रीय अध्यक्ष की नियुक्ति दिल्ली विधानसभा चुनावों के बाद करेगी। सूत्रों के अनुसार, पार्टी के अध्यक्ष का चुनाव 10 फरवरी से 20 फरवरी के बीच होने की संभावना है। वर्तमान अध्यक्ष जेपी नड्डा दिल्ली चुनावों तक पार्टी की अगुवाई करते रहेंगे। उनका कार्यकाल जनवरी 2024 में समाप्त हो चुका था, लेकिन लोकसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए उनका कार्यकाल एक साल के लिए बढ़ा दिया गया था।
BJP के संगठनात्मक चुनावों की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, जिसमें राष्ट्रीय परिषद और राज्य परिषद के सदस्य चुने जा रहे हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव करने से पहले, राज्यों की इकाइयों में से कम से कम 50% को अपना संगठनात्मक चुनाव पूरा करना होगा। अब तक केवल चार राज्यों ने अपने राज्य अध्यक्षों के चुनाव की प्रक्रिया पूरी की है। BJP नेताओं का कहना है कि संगठनात्मक चुनाव समय पर हो रहे हैं और इसे समय सीमा के भीतर पूरा कर लिया जाएगा।
कौन बनेगा BJP का राष्ट्रीय अध्यक्ष?
भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष का चयन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत की मंजूरी से होगा। इस रेस में कई नामों की चर्चा हो रही है, हालांकि BJP की तरफ से अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद के लिए केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर, शिवराज सिंह चौहान, और पार्टी महासचिव विनोद तावड़े के नामों की चर्चा हो रही है। इसके अतिरिक्त, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का नाम भी सियासी गलियारों में आ रहा है। सूत्रों के अनुसार, विनोद तावड़े और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, भूपेंद्र यादव में से किसी एक का नाम सबसे आगे चल रहा है।
धर्मेंद्र प्रधान और भूपेंद्र यादव के नाम पिछले संगठनात्मक चुनावों में भी चर्चा में थे, लेकिन अंततः यह भूमिका जेपी नड्डा को सौंप दी गई थी। ये तीनों नेता पार्टी के भीतर अपने अनुभव के कारण प्रमुख हैं। भूपेंद्र यादव राजस्थान से हैं, धर्मेंद्र प्रधान ओडिशा से और विनोद तावड़े महाराष्ट्र से आते हैं। तीनों ही नेताओं को अमित शाह का करीबी माना जाता है।
पार्टी के संविधान के अनुसार, राष्ट्रीय अध्यक्ष वही बन सकता है जो कम से कम 15 साल से पार्टी का सदस्य रहा हो। इससे पहले, 2010 से 2013 तक नितिन गडकरी ने संगठन की कमान संभाली थी, राजनाथ सिंह 2005 से 2009 तक और फिर 2013-14 तक अध्यक्ष रहे, जबकि 2014 से 2020 तक अमित शाह ने भाजपा की कमान संभाली।