मिस वर्ल्ड 2024 विजेता: क्रिस्टीना पिज़्ज़कोवा कौन हैं? किसके सिर सजा ‘मिस वर्ल्ड 2024’ का ताज

नई दिल्ली: चेक गणराज्य की क्रिस्टीना पिस्ज़कोवा 71वां मिस वर्ल्ड खिताब जीतने में सफल रहीं। मिस वर्ल्ड बनने के लिए क्रिस्टीना पिस्ज़कोवा ने 112 देशों की प्रतियोगियों को हराया। उनकी उम्र 24 साल है. मिस वर्ल्ड का ये अद्भुत कार्यक्रम मुंबई में आयोजित किया गया था. पिछले साल की विजेता कैरोलिना बिलावस्का ने क्रिस्टीना को मिस वर्ल्ड का ताज पहनाया। लेबनान की यास्मीना जयटौन को प्रथम उपविजेता का ताज पहनाया गया।

मिस वर्ल्ड 2024 क्रिस्टीना पिज़्ज़कोवा कौन हैं?

19 जनवरी 1999 को जन्मी क्रिस्टीना पिस्ज़कोवा वर्तमान में कानून और बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन की पढ़ाई कर रही हैं। क्रिस्टीना ने पढ़ाई के साथ-साथ मॉडलिंग करियर भी चुना और इतना ही नहीं उनकी एक फाउंडेशन भी है जिसका नाम क्रिस्टीना पिज़्को फाउंडेशन है।

क्रिस्टीना ने तंजानिया में गरीब और वंचित बच्चों के लिए बहुत काम किया है। उन्होंने गरीब बच्चों के लिए एक अंग्रेजी स्कूल खोला है जिसमें वह अपना पूरा सहयोग देती हैं। अंग्रेजी स्कूल खोलना उनके जीवन का सबसे यादगार पल था।

इसके अलावा क्रिस्टीना को संगीत और कला में भी काफी रुचि है। उन्हें अनुप्रस्थ बांसुरी और वायलिन बजाने का शौक है।

5 फीट 11 इंच लंबी क्रिस्टीना अंग्रेजी, पोलिश, स्लोवाक और जर्मन भाषा बोलती है। यह दूसरी बार है जब चेक गणराज्य से कोई मिस वर्ल्ड बनी है। इससे पहले 2006 में टाटाना कुचारोवा ने यह खिताब जीता था।

भारत ने 28 साल बाद मिस वर्ल्ड सौंदर्य प्रतियोगिता की मेजबानी की। मिस वर्ल्ड 2024 के 12 जजों में फिल्म निर्माता साजिद नाडियाडवाला, कृति सेनन, पूजा हेगड़े, क्रिकेटर हरभजन सिंह समेत कई हस्तियां शामिल थीं। पूर्व मिस वर्ल्ड मेगन यंग ने करण जौहर के साथ शो की सह-मेजबानी की। इस दौरान मशहूर सिंगर शान ने अपने धमाकेदार गानों से शो में चार चांद लगा दिए. नेहा कक्कड़ और टोनी कक्कड़ ने भी स्टेज परफॉर्मेंस दी.

भारत का प्रतिनिधित्व 22 वर्षीय सिनी शेट्टी ने किया, जो मुंबई में पली-बढ़ीं। हालांकि, वह टॉप 4 प्रतिभागियों में जगह नहीं बना पाईं। साल 2022 में उन्होंने ‘फेमिना मिस इंडिया वर्ल्ड’ का ताज जीता।