BREAKING:
April 19 2026 07:07 am

"पढ़ाई-लिखाई से क्या होगा? नौकरियां तो हैं नहीं" - अपने हेलीकॉप्टर से पहुंचे नेताजी का युवाओं को ‘ज्ञान’

Post

जी हां, यह कोई मजाक नहीं है। बीजेपी के पूर्व सांसद और अपने बेबाक बयानों के लिए अक्सर सुर्खियों में रहने वाले बृज भूषण शरण सिंह ने कुछ ऐसा ही कहा है, जिससे हर कोई हैरान रह गया है। मामला उत्तर प्रदेश के कन्नौज का है, जहां वे विजय दशमी के एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे।

‘पढ़ाई छोड़ो’ वाली सलाह, फिर दिखाई अपनी अमीरी

छिबरामऊ में पारंपरिक शस्त्र पूजन का कार्यक्रम चल रहा था। जब बृज भूषण शरण सिंह ने माइक संभाला, तो उन्होंने मौजूदा बेरोजगारी पर सीधा-सीधा तंज कसते हुए कहा, "पढ़ाई-लिखाई करके क्या करोगे? आजकल नौकरियां तो सब आउटसोर्सिंग पर चल रही हैं, कुछ नहीं बचने वाला।"

उनकी यह बात सुनकर वहां मौजूद लोग हैरान रह गए। लेकिन बृज भूषण यहीं नहीं रुके। उन्होंने अपनी लग्जरी लाइफस्टाइल का जिक्र करते हुए कहा, "मैं किराए के हेलीकॉप्टर से नहीं, अपने खुद के खरीदे हुए हेलीकॉप्टर से आया हूं।"

उन्होंने सफलता का एक ‘मंत्र’ भी दिया और कहा कि अगर जिंदगी में सफल होना है, तो सफल लोगों के साथ रहना सीखो।

कौन हैं बृज भूषण शरण सिंह?
बृज भूषण शरण सिंह की गिनती पूर्वी उत्तर प्रदेश के कद्दावर और बाहुबली नेताओं में होती है। वह छह बार लोकसभा के सांसद रह चुके हैं और भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष भी रहे हैं, हालांकि उस दौरान वे कई विवादों में भी घिरे रहे। 2024 के चुनाव में बीजेपी ने उनकी जगह उनके बेटे को टिकट दिया, जो वर्तमान में सांसद हैं।

अब उनका यह बयान सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गया है और लोग इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रिया दे रहे हैं।