मौसम अपडेट: राजस्थान-दिल्ली, हरियाणा में लू का अलर्ट, बारिश को लेकर आई अच्छी खबर

नई दिल्ली। उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में गर्मी और लू का कहर जारी है। राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में लोग गर्मी से परेशान हैं. मौसम विभाग ने इन इलाकों में लू का अलर्ट जारी किया है. वहीं, पूर्वी भारत के तटीय इलाकों के मौसम में भी बदलाव की संभावना बढ़ गई है. उधर, कश्मीर में बुधवार इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। श्रीनगर में तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन में सबसे ज्यादा है. वहीं, जम्मू संभाग गर्मी और लू से जूझ रहा है. जम्मू और आसपास के इलाकों में तापमान 41 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया.

आईएमडी के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में हलचल बढ़ गई है। कम दबाव का क्षेत्र बनने से ओडिशा, पश्चिम बंगाल, तटीय आंध्र प्रदेश में बारिश हो सकती है। साथ ही 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है। इसका असर झारखंड और बिहार में देखने को मिल सकता है। वहीं, दक्षिण भारत के कई राज्यों में मूसलाधार बारिश की संभावना है।

राजस्थान, हरियाणा, गुजरात, मध्य प्रदेश, ओडिशा जैसे राज्यों में आसमान से आग बरस रही है। बाड़मेड़ में तापमान 48 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। वहीं, हरियाणा के सिरसा में अधिकतम तापमान 47.7 डिग्री दर्ज किया गया। इसके अलावा मध्य प्रदेश के रतलाम और उत्तर प्रदेश के झांसी में अधिकतम तापमान 45 डिग्री रहा। भीषण गर्मी को देखते हुए मौसम विभाग, स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को दोपहर से शाम तक घरों में रहने की सलाह दी है। साथ ही शरीर में पानी की मात्रा बनाए रखने के लिए पानी के साथ अन्य ठंडे खाद्य पदार्थों का सेवन करने की हिदायत दी गई है। हिमाचल प्रदेश के ऊना में भी तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे लोग भीषण गर्मी में जलने को मजबूर हुए।

 

बिहार और यूपी का हाल

पिछले कई हफ्तों से भीषण गर्मी और लू की मार झेल रहे बिहार के मौसम में बदलाव की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक बिहार के कुछ जिलों में बारिश की संभावना है. इससे तापमान में गिरावट आने की उम्मीद है. बिहार में गुरुवार को अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. वहीं उत्तर प्रदेश में लोगों को भीषण गर्मी के साथ-साथ उमस भरी गर्मी का भी सामना करना पड़ सकता है. उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों में हल्के बादल छाए रहने की संभावना है, जबकि अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. गंगा से सटे मैदानी इलाकों के साथ-साथ बुंदेलखंड क्षेत्र में तापमान 40 डिग्री को पार कर सकता है.

 

बंगाल की खाड़ी में मौसमी हलचल

उत्तर भारत के साथ-साथ पूर्वी भारत के कुछ इलाकों में भी भीषण गर्मी पड़ रही है. बुधवार को ओडिशा के नुआपाड़ा में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. हालांकि, आने वाले समय में ओडिशा में मौसम की तल्खी में नरमी आने की संभावना है। बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बन रहा है. इसके चलते साइक्लोनिक सर्कुलेशन बन रहा है. इसके प्रभाव से ओडिशा के तटीय इलाकों के साथ-साथ पश्चिम बंगाल और तटीय आंध्र के मौसम में बदलाव हो सकता है. मौसम वैज्ञानिकों ने 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने और बारिश की संभावना जताई है.