आज (21 मार्च) देश के बड़े हिस्से में भारी बारिश होने की संभावना है। बारिश के साथ-साथ तेज हवाएं और तूफान भी देखने को मिल सकते हैं। जैसे-जैसे मार्च का अंत आ रहा है, कई भागों में तापमान भी बढ़ रहा है। आइए मौसम विभाग से जानते हैं आज का पूर्वानुमान।
दिल्ली मौसम
राजधानी दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। सतही हवाएं (गति 10-20 किमी प्रति घंटा) कभी-कभी 30 किमी प्रति घंटा तक बढ़ सकती हैं। दिल्ली में अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है और शाम तक उत्तर-पश्चिम दिशा से आने वाली हवा की गति 20 किमी प्रति घंटे से कम रहने की संभावना है। इसके बाद रात में उत्तर-पूर्व दिशा से आने वाली हवा की गति घटकर 10 किमी प्रति घंटे से भी कम हो जाएगी।
इन राज्यों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार आज पूर्वी राज्यों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, तेलंगाना और विदर्भ में आंधी के साथ भारी बारिश का अलर्ट है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश और पूर्वोत्तर राज्यों तथा कर्नाटक में भी हल्की बारिश की संभावना के साथ येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा अरुणाचल प्रदेश में भी भारी बारिश की संभावना है।
पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र और अरुणाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना है।
अगर बात करें निजी मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट की तो आज पश्चिम बंगाल, झारखंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और उत्तरी छत्तीसगढ़ में बिजली और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र और अरुणाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, दक्षिण तमिलनाडु, केरल, दक्षिण बिहार, दक्षिण-पूर्व उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ और उत्तरी तेलंगाना में हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है।