धमतरी-गोकुलपुर वार्ड में जल संकट गहराया

धमतरी, 27 अप्रैल (हि.स.)।गर्मी के इस मौसम में कई स्थानों पर पेयजल की समस्या आने लगी है। धमतरी शहर के गोकुलपुर वार्ड में पेयजल संकट गहराने से यहां वार्डवासियों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। अखाड़ा के पास लगा हुआ मोटर पंप लगभग माहभर से बंद है। इसकी अब तक मरम्मत नहीं हो पाई है। इससे यहां के रहवासी परेशान है। लोगों ने नगर निगम से जल्द से जल्द मोटर पंप के मरम्मत की मांग की है ताकि पेयजल की समस्या का सामना न करना पड़े।

यहां पर मोटरपंप खराब होने के बाद से अखाड़ा के पास ठाकुर पारा भटगांव रोड वार्ड के लोगों को पेयजल के लिए भटकना पड़ रहा है। जिसके लिए पार्षद से लेकर निगम तक चक्कर लगाने के बाद भी पेयजल की समस्या बनी हुई है। कभी कभी आसपास के लोगों से पानी मिलजाता है, नहीं तो दूर-दराज से पानी के लिए भटकना पड़ता है।

वार्ड के बिहारी साहू, बाबूलाल साहू, कांशी साहू, शिवाजी साहू, भेदु प्रसाद साहू ने बताया कि महीने भर से मोटर खराब है। पर पार्षद से लेकर निगम तक कोई सुनने वाला नहीं है। वार्ड के ही आशा साहू, सुराज बाई यादव,कलिंद्री साहू, शिवकुमारी साहू, कलाबाई साहू ने बताया कि पानी की समस्या के कारण रोज रोज दूसरों के घर से पानी मांगना पड़ रहा है। जिसके कारण मजदूरी काम में जाने में परेशानी हो रही है।

वार्ड के लोगों ने बताया कि बार-बार नगर निगम में पेयजल की समस्या के संबंध में ज्ञापन देने के बाद भी समस्या का निराकरण नहीं हो रहा है। यदि यही हाल रहा तो नगर निगम के सामने जाकर प्रदर्शन किया जाएगा।

मालूम हो कि धमतरी शहर के गोकुलपुर वार्ड में बड़ी तादाद में लोगों निवास करते रहते हैं। मोटर पंप का पानी नहीं आने से यहां के रहवासियों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में वार्ड पार्षद सविता कंवर ने कहा कि नगर निगम में पेयजल की समस्या के संबंध में नगर निगम में सूचना दे दी गई है। जल्द ही मरम्मत करने की बात कही गई है।