जलकल विभाग के सात अभियन्ताओं को निलम्बन की चेतावनी,कार्य में लापरवाही का आरोप

वाराणसी,08 जुलाई (हि.स.)। जलकल विभाग के सात अभियंताओं को कार्य में लापरवाही बरतने पर नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने निलम्बन की चेतावनी दी है। सातों अभियंताओं पर कार्य में लापरवाही बरतने, समस्याओं का निस्तारण न करने,दिये गये आदेशों की अवहेलना करने का आरोप है। इनमें प्रभारी अधिशासी अभियंता अनार सिंह, अधिशासी अभियन्ता रामावतार सिंह, अवर अभियन्ता नीलम यादव,अवर अभियन्ता मंगलदेव वर्मा, अवर अभियन्ता कुमारी चंदन यादव, तथा अवर अभियन्ता मनीष सिंह का नाम सम्मिलित है।

अफसरों पर आरोप है कि जलकल विभाग को सीवर ओवरफ्लो, दूषित पेयजल, पानी की आपूर्ति इत्यादि के सम्बन्ध में प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण, समयान्तर्गत शिकायतों का निस्तारण नही करते। जिससे नगर निगम, जलकल विभाग को असहज स्थिति का सामना करना पड़ रहा है। नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने इन अभियन्ताओं से स्पष्टीकरण मांगा था। उचित उत्तर न देने पर इनके खिलाफ निलम्बन की चेतावनी जारी की गयी है।